छापी नहरों की मरम्मत का काम घटिया करने का आरोप, एसडीएम को ज्ञापन
अकलेरा| छापी बांध की नहरों की मरम्मत का काम घटिया किया जा रहा है। इसको लेकर सिंचित क्षेत्र के किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया है। घटिया निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है। नयागांव भंडेरी निवासी पूर्व उपसरपंच कन्हैया लोधा ने दिए ज्ञापन में बताया कि नहरों की मरम्मत का कार्य घटिया करवाया जा रहा है। छापी परियोजना के अधिकारी जिला मुख्यालय पर बैठे हुए है। निर्माण कार्य की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे राज्य सरकार की ओर से दिया गया मरम्मत का बजट व्यर्थ में बेकार जा रहा है। अधिकारियों से इसकी शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मरम्मत कार्य को शीघ्र रोका नहीं गया तो सिंचित क्षेत्र के किसान उपखंड मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे।