हत्या का आरोपी पकड़ में आया, इसलिए पुलिस के साथ मारपीट करने वालों को किया माफ
निचले ढहर में स्थित ढाणी खेड़ावाली में गुरुवार को पुलिस के साथ मारपीट करने व गला दबा कर कुएं में डालने का प्रयास करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ है। खंडेला थाना इंचार्ज रामकिशाेर के मुताबिक हत्या का आरोपी पकड़ में आ गया इसलिए मारपीट करने के आरोपियों को माफ कर दिया। कांवट निवासी हंसराज सैनी का शव सलेदीपुरा के जंगल में मिला था। परिजनों ने उसके जीजा उदयपुरवाटी ढाणी खेड़ावाली निवासी सरदारा राम पर हत्या का आरोप लगाया था। संदिग्ध आरोपी के बारे में तहकीकात करने आए खंडेला पुलिस के दो कांस्टेबलों के साथ खेड़ावाली ढाणी में गंभीर मारपीट हो गई थी। खंडेला पुलिस तीन जनों को पूछताछ के लिए खंडेला लेकर गई थी। पुलिस के साथ मारपीट करने वाले लोगों को बाद में गलती का अहसास हुआ। उन्होंने तथा खंडेला गए उनके परिजनों ने पुलिस से माफी मांगी। बाद में आरोपी को पकड़वाने में भी पुलिस की मदद की। देर रात राजसमंद जिले के चारभुजा थाने की पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया था। खंडेला पुलिस देर रात राजसमंद रवाना हुई। शुक्रवार की शाम वे आरोपी सरदारा राम सैनी को लेकर खंडेला पहुंच गए।