धरने पर बैठे किसानों से वार्ता, बीमा क्लेम दिलवाने का भरोसा दिलाया
अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी की ओर से विगत दो वर्षों से बकाया बीमा क्लेम को लेकर दिए जा रहे धरने के तहत शनिवार को एसडीएम कार्यालय में किसानसभा प्रतिनिधि मंडल, बैंक व बीमा अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। एसडीएम सुभाष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानसभा के निर्मल प्रजापत, उमराव सिंह, रामसिंह, माईचंद बागोरिया, भगतसिंह, बनवारीलाल बेनीवाल, जगतसिंह, होशियार सिंह पूनिया, हरिराम, मोहनलाल शर्मा, होशियारसिंह तथा बैंक व बीमा कंपनी के अधिकारी उपस्थित थे। वार्ता की जानकारी देते हुए वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगतसिंह ने बताया कि एसडीएम ने माना कि किसानों का बीमा क्लेम 2016-17 बकाया है। इसके लिए 16 अप्रैल को जिला कलेक्टर कार्यालय में वापस उच्च स्तरीय वार्ता कर बीमा क्लेम दिलवाने की कार्रवाई की जाएगी। इधर, किसान सभा की ओर से मिनी सचिवालय के पास दिया जा रहा धरना शनिवार को 27वें दिन भी जारी रहा। धरने पर पाबासी, बैरासर, सूरतपुरा, लूटाणा मगनी, दंदेऊ सुल्तान सिंह, खुड्डी सहित अन्य गांवों के ग्रामीण बैठे।
रैयाटुंडा में नहर की मांग पर आज जुटेंगे किसान
तारानगर. राजस्थान किसान यूनियन की ओर से रविवार को किसान सम्मेलन होगा। किसान नेता स्व. अर्जुनलाल धेतरवाल की अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। यूनियन के हरिसिंह बेनीवाल ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य अतिथि खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल होंगे। सम्मेलन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।