आगजनी में झुलसे मां, बेटों की हालत में सुधार पिता की हालत अभी भी स्थिर
कस्बे में बुधवार को तेज अंधड़ के साथ चूल्हे की चिंगारी से शिवनगर मोहल्ले में आग ने मचाए तांडव में तेज लपटों में घिरकर आगजनी की चपेट में आए एक परिवार के चार सदस्योंं का उपचार जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में जारी है। चार में से परिवार के तीन सदस्यों की हालत पहले से बेहतर है।
वहीं परिवार के मुखिया देवेंद्र पुत्र मोहन सिंह कुशवाह की हालत अभी भी स्थिर बनी हुई है। देवेंद्र को उपचार के साथ-साथ ऑक्सीजन लगाई गई है। वहीं उसकी प|ी नीतू और बच्चे देवेश डेढ़ वर्ष और देवू चार माह की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
एसएमएस अस्पताल के सहायक प्रोफेसर मेडिसिन डाॅ. रामकेश सिंह परमार ने बताया कि आगजनी में झुलसे परिवार के तीन सदस्यों की हालत में पहले से सुधार है। और लगातार उपचार से उनकी हालत और भी बेहतर हो रही है। वही परिवार के मुखिया देवेंद्र पुत्र मोहन सिंह के शरीर का भाग अधिक जलने के कारण उसकी हालत अभी भी स्थिर बनी हुई है। जिसे अस्पताल में उपलव्ध उपचार की बेहतर से बेहतर और निशुल्क चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही है। पीड़ित को रक्त की आवश्यकता है जिसकी सुविधा अस्पताल से ही कराई जा रही है। डॉ. परमार ने बताया कि पीड़ित परिवार को इस समय लोगों की मदद की बेहद जरूरत है।
एसएमएस अस्पताल में उपचाराधीन झुलसा हुआ बालक।
आर्थिक मदद के लिए सरपंच ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
स्थानीय ग्राम पंचायत की सरपंच स्नेहलता परमार के द्वारा मुख्यमंत्री बसुंधरा राजे को पत्र भेजकर कस्बे के शिवनगर निवासी अग्नि हादसे में पीड़ित परिवार के बेहतरीन उपचार और अधिक आर्थिक सहायता मुहैया कराकर आगजनी में उजड़े परिवार को फिर से बसाने की मांग की है। सरपंच स्नेहलता परमार ने पत्र में लिखा है कि बुधवार देर सांय को आए तेज अंधड़ के कारण किसी मकान से निकली चूल्हे की चिंगारी के कारण कस्बे की शिवनगर बस्ती निवासी मोहन सिंह कुशवाह के मकान में आग लग गई। आगजनी में मोहन का पुत्र देवेंद्र पुत्रवधु और दो अबोध बच्चे बुरी तरह झुलस गए। जिनका उपचार एसएमएस अस्पताल के वर्न वार्ड में चल रहा है। परिवार की नाजुक हालत होने और पीडितों की स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर उपचार की दरकार है। ऐसे में मुख्यमंत्री राजे से मामले में हस्तक्षेप करके पीडितों के बेहतर उपचार की व्यवस्था के साथ आगजनी में पीड़ित परिवार का घर जल जाने से बेघर हो जाने पर उसे अधिक मुआवजा राशि दिलाए जाने की मांग की है।