उदयपुरवाटी कस्बे में जगह-जगह लगे हैं गंदगी के ढेर
कस्बे में कई जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं। सफाई ठीक तरह से नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियां हो रही है। नगरपालिका कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के लिए रजिस्टर तक उपलब्ध नहीं रहता है। जानकारी के अनुसार शहर में चार जोन बनाकर सफाई व्यवस्था कायम करने के लिए चार ठेकेदार लगा रखे हैं। बस स्टैंड, पशु अस्पताल, मावंडिया भवन की गली, पांचबत्ती, जांगिड़ कॉलोनी सहित कई जगह हर समय कचरे के ढेर लगे रहते हैं। घूमचक्कर से नांगल नदी की तरफ नाला बनने के बाद एक बार भी सफाई नहीं हुई। कचरे से भरा नाला पूरी तरह से बंद हो चुका है लेकिन पालिका प्रशासन को इसकी कोई परवाह नहीं है। घूमचक्कर से चुंगी नंबर तीन की तरफ बीओटी सड़क के दोनों तरफ बने नाले का भी बूरा हाल हो रहा है। लोग शिकायत करते हैं तो पालिका के दफ्तर में कोई सुनवाई करने वाला जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं रहता है। नगरपालिका मंडल की बैठक में प्रस्ताव लेने के बावजूद भी रोशनी व सफाई की शिकायत दर्ज करने के लिए रजिस्टर तक मेंटेन नहीं किया गया है।