चनाना एवं गोवला के लोगों ने सांसद से की कांस्टेबल की शिकायत, चौकी में हंगामा
झुंझुनूं | चनाना में ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। चौकी में हंगामा किया। वहां पीएचसी के उद्घाटन में पहुंची सांसद संतोष अहलावत को चनाना व गोवला के लोगों ने शिकायत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चौकी में तैनात कांस्टेबल सत्येंद्र शाम को आम रास्ते पर खड़ा हो जाता है। इधर से गुजरने वाले वाहनों एवं बाइक सवार लोगों को रोक कर रुपए मांगता है। गाली गलौच करता है। इस पर सांसद ने सभापति सुदेश अहलावत व विश्वंभर पूनिया को ग्रामीणों के साथ भेजा। चौकी में ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। चौथ वसूली का आरोप लगाया। सभापति अहलावत व विश्वंभर पूनिया ने चौकी प्रभारी महावीर सिंह चर्चा की। डीएसपी व एसपी को अवगत कराया गया। इधर एसपी मनीष अग्रवाल का कहना है कि उनको किसी ने शिकायत नहीं की।