कनिष्ठ लिपिक पद पर भर्ती के लिए मनरेगाकर्मियों का सामूहिक अवकाश
चित्तौड़गढ़ | जिले में नरेगा योजना (पंचायतीराज विभाग) में कार्यरत कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सोमवार को सामूहिक अवकाश पर रहे। मनरेगा संघ के जिलाध्यक्ष इंद्रसिंह चूंडावत ने बताया कि 16 के बाद 17 अप्रैल को भी मनरेगा संविदा कार्मिक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
वर्ष 2013 में पंचायतीराज विभाग में पांच हजार पद पर एसएसआर और 19500 पद एलडीसी के निकले थे, 19500 के विरुद्ध 8500 अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पा ली और एलडीसी में शेष 10500 के करीब नियुक्ति से वंचित हैं। इसी प्रकार पांच हजार पद एसएसआर के निकले, जिन्हें भी ठंडे बस्ते में डाल दिया। इसी क्रम में प्रदेशव्यापी आह्वान पर राजस्थान के नरेगा कार्मिकों ने दो दिन का सामूहिक अवकाश का फैसला लिया है। अब मांगों को लेकर सीएम, ग्रामीण विकास मंत्री को विधायक के नेतृत्व में ज्ञापन दिया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तर पर संघ की बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।