पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • डॉक्टर और स्टाफ समय पर नहीं आता, मरीज हैं परेशान

डॉक्टर और स्टाफ समय पर नहीं आता, मरीज हैं परेशान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चित्तौड़गढ़ | हमारे जिले में सरकार आई हुई है। समूचा प्रशासन और लगभग सभी विभागों के अफसर अलर्ट है। अधिकारियों व कार्मिकों को समय पर ड्यूटी व अवकाश निरस्तगी के आदेश जारी हैं। इसके बावजूद जिले के चिकित्सा विभाग में कोई डर नहीं है। शहर के प्राथमिक स्वास्थ केंद्र ही इसकी बानगी हैं। भास्कर टीम ने सोमवार सुबह शहरी की दो पीएचसी के ये हाल देखे। एक पीएचसी में डॉक्टर सहित छह के स्टाफ में से केवल एक व दूसरे पीएचसी पर डॉक्टर नहीं थे। जबकि दोनों पीएचसी में मरीजों की लंबी कतार लगी थी। सरकारी अस्पतालों का इन दिनों सुबह आठ से दोपहर 12 एवं शाम पांच बजे से सात बजे तक संचालन समय है।

शहरी पीएचसी इसलिए कि जिला अस्पताल में भीड़ नहीं बढ़े... सरकार ने शहरी पीएचसी की व्यवस्था इसलिए कर रखी है कि छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को जिला अस्पताल नहीं आना पड़े। जिला मुख्यालय पर तीन में से दो पीएचसी पर डॉक्टर ही समय पर नहीं आते हैं।

गांधीनगर: पीएचसी में डाक्टर के इंतजार में मरीज।

सुबह 8:22 बजे तक केवल एक कंपाउंडर

पाडनपोल स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुबह 8:22 बजे उपस्थिति रजिस्टर में मेलनर्स कालूराम गाडरी हस्ताक्षर कर रहे थे। पूछने पर बताया गया कि अभी और कोई कर्मचारी-डॉक्टर नहीं आया। लैब कक्ष सहित अन्य कक्षों के ताले लटके थे। डॉक्टर अंकित धाकड़, फार्मासिस्ट सोनिया, एएनएम इंदुमती, रितु कटेवा, एलटी राधेश्याम आदि मौजूद नहीं थे।

सुबह 8:37 बजे डॉक्टर नहीं, मरीजों लगी कतार

सेक्टर चार गांधीनगर स्थित पीएचसी में डाॅ. सागर शर्मा के चैंबर के बाहर मरीज हाथों में पर्ची थामे इंतजार कर रहे थे। मरीज चांदमल ने बताया कि उसे शुगर है। आधे घंटे से इंतजार कर रहा हूं। तीन-चार महिला मरीज भी बार-बार चक्कर लगा रहीं थीं। इतने में डाॅ. सागर आए। उन्होंने कहा कि पारिवारिक काम था, इसलिए देरी हो गई।

पाडनपोल: शहरी पीएचसी में खाली डाक्टर की कुर्सी।

स्टाफ देर से आया है तो कार्रवाई करेंगे

जिला अस्पताल सहित सभी शहरी पीएचसी में डॉक्टर सहित स्टाफ को समय पर अस्पताल संचालन तथा अलर्ट रहने के निर्देश दिए थे। यदि पीएचसी पर स्टाफ देर से आया है तो कार्रवाई करेंगे। डॉ. मधुप बक्षी, पीएमओ, चित्तौड़गढ़

गांधीनगर में लैब बंद, कीरखेड़ा-भोईखेड़ा में सुविधा नहीं... गांधीनगर पीएचसी में लैब कार्मिक चार दिन के अवकाश पर है। पीएचसी प्रभारी ने बताया कि उच्च अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन व्यवस्था नहीं होने से लैब बंद है। कीरखेड़ा-भोईखेड़ा पीएचसी किराए के भवन में चल रही है। जगह के अभाव में अभी लैब शुरू नहीं हो सकी है। इस कारण दोनों अस्पतालों में मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल जाना पड़ रहा है।

खबरें और भी हैं...