2 महीने बाद आईबी अफसर की हत्या का मुकदमा दर्ज
झालरापाटन| रलायता पुलिया के पास 14 फरवरी को दिल्ली में तैनात आईबी अधिकारी अचेत मिला था। इसको अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। उस समय पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन गुरुवार को कोर्ट से मिले इस्तगासे पर इसी मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया।
सदर थाना पुलिस के अनुसार दिल्ली आईबी अधिकारी चेतन प्रकाश पुत्र महादेव मीणा 14 फरवरी को शाम 6 बजे रामगंजमंडी में परिजनों से मिलकर झालावाड़ के लिए रवाना हुआ था। 8 बजे तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने फोन किया, लेकिन फोन नहीं लगा। रिश्तेदार झालावाड़ के गायत्री कॉलोनी निवासी मनमोहन मीणा ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 8 बजे वह रलायता पुलिया के पास सड़क किनारे अचेत मिला था। अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया था, मृतक के पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए कोर्ट में इस्तगासा पेश किया।