44 गांवों की पेयजल परियोजना का कार्य जल्द पूर्ण करने के दिए निर्देश
धौलपुर | कलेक्टर शुचि त्यागी ने सैंपऊ क्षेत्र के 44 गांवों की पेयजल परियोजना का कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने बताया कि कार्य में पहले ही काफी विलंब हो चुका है। अब अतिरिक्त संसाधान लगाकर कार्य जल्द पूर्ण करवाएं। 7400 किलोलीटर क्षमता का रॉ वाटर रिजर्वेयर सैंपऊ हैड वर्क्स में बन रहा है। इसका 30 प्रतिशत निर्माण कार्य ही पूरा हुआ है। सैंपऊ हैड वर्क्स पर 5.55 किलोलीटर क्षमता का फिल्टर प्लान्ट का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसी हैड वर्क्स पर 400 किलोलीटर क्षमता के स्वच्छ जलाशय का निर्माण भी कुछ ही दिनों में पूर्ण हो जाएगा। कलेक्टर ने रजौरा खुर्द, सहरौली, मालौनी पंवार, चितौरा, दौनारी, तसीमों, परौआ और सैंपऊ में जलाशयों का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। सैंपऊ में कार्मिकों के आवासीय परिसर का निर्माण लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने सैंपऊ में भण्डार भवन का निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। सभी 44 गांवों में 1-1 विलेज ट्रांसफर चैम्बर बनाए जाने हैं। इनमें से 7 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। 68 किमी लम्बी पेयजल वितरण लाइन बिछाई जानी है। अभी तक इसमें से 10.5 किमी लाइन ही बिछाई गई है। कलेक्टर ने उपखण्ड अधिकारी विनोद मीणा को निर्देश दिए कि कार्य की प्रगति की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर उन्हें नियमित रिपोर्ट दें।