पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • बजरी के ट्रकों से वसूली के भास्कर स्टिंग पर कार्रवाई, 7 पुलिसकर्मी निलंबित

बजरी के ट्रकों से वसूली के भास्कर स्टिंग पर कार्रवाई, 7 पुलिसकर्मी निलंबित

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आईजी के आदेश पर कोटा से भेजा झालावाड़

क्राइम रिपोर्टर | कोटा

दैनिक भास्कर के स्टिंग ऑपरेशन में नाकाबंदी के नाम पर बजरी के ट्रकों से वसूली करने वाले 7 पुलिसकर्मियों को सोमवार को निलंबित कर दिया गया। उन्हें जिला बदर भी कर दिया है। सातों पुलिसकर्मियों को आईजी विशाल बंसल के आदेश के बाद कोटा शहर से झालावाड़ जिला भेज दिया है। एसपी अंशुमन भौमिया ने बताया कि सातों पुलिसकर्मियों को बजरी के ट्रकों से वसूली मामले में दोषी माना गया है। इनके चेहरे पहचानने और रोजनामचे में ड्यूटी के आधार पर निलंबित किया गया।

वहीं, इस मामले की जांच कर रहे एएसपी समीर कुमार दुबे की जांच रिपोर्ट फिलहाल नहीं मिली है। रिपोर्ट आने के बाद इनके अलावा दूसरे पुलिसकर्मियों की मिलीभगत सामने आने पर उन पर भी गाज गिर सकती है। गौरतलब है कि भास्कर ने शुक्रवार के अंक में ‘नाकाबंदी के नाम पर बजरी के हर ट्रक से 10 से 12 हजार रु. लेते हैं पुलिसकर्मी, हर महीने 1 करोड़ रु. की वसूली’ हैडिंग से खबर प्रकाशित करके सच उजागर किया था। इसमें बताया था कि शहर में बजरी का ट्रक दिखते ही थाने या अल्फा टीम के पुलिसकर्मी चेकिंग के नाम पर उसे रोकते हैं। इस दौरान कई पुलिसवाले बजरी वालों से पैसे लेते हुए कैमरे में कैद हुए थे। इसमें नयापुरा, किशोरपुरा समेत अन्य थानाें के पुलिसकर्मी शामिल थे।

निलंबन की सूची में 1 एएसआई भी

एसपी अंशुमन भौमिया ने बताया कि मामले में एक एएसआई, दो हैड कांस्टेबल और 4 कांस्टेबलों को निलंबित किया गया हैं। निलंबित किए जाने वाले पुलिसकर्मियों में नयापुरा थाने के एएसआई साबिर हुसैन, बोरखेड़ा थाने के हैड कांस्टेबल ऋषिपाल सिंह, किशोरपुरा थाने का हैड कांस्टेबल रामकिशोर, नयापुरा थाने के कांस्टेबल लक्ष्मण, बुद्धाराम, शंकरलाल और किशोरपुरा थाने का कांस्टेबल मन्नालाल शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...