न्याय आपके द्वार शिविर में पेंशन परिवर्तन का कार्य भी होगा
एक मई से शुरू होने वाले न्याय आपके द्वार शिविर अभियान में महिलाओं की वृद्धावस्था से विधवा पेंशन परिवर्तन का कार्य भी होगा। सरकार ने एक जुलाई से विधवा पेंशन योजनांतर्गत 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं को पांच सौ, 60 से 74 वर्ष की महिलाओं को एक हजार और इससे अधिक उम्र की महिलाओं को पंद्रह सौ रुपए प्रतिमाह पेंशन भुगतान के आदेश दिए हैं। एसडीएम देवयानी ने बताया कि अभियान 30 जून तक चलेगा। इसमें ऐसी विधवा महिलाएं जिनकी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत हो रखी है को विधवा पेंशन की बढ़ी हुई राशि का लाभ दिलवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके लिए शिविर आयोजन की तिथि से पहले पात्र विधवा महिलाओं को अपने भामाशाह कार्ड की वैवाहिक श्रेणी में पहले से विधवा दर्ज नहीं है तो विधवा संशोधन करवाना होगा। उन्होंने पात्र महिलाओं को शिविर आयोजन से पहले नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर भामाशाह कार्ड में उपरोक्त संशोधन करवा लेने के लिए कहा है। इसके लिए पात्र विधवा महिलाओं को शिविर वाले दिन पेंशन योजना में परिवर्तन के प्रार्थना पत्र के साथ पति का मृत्यु प्रमाण पत्र व पेंशन स्वीकृति आदेश की प्रति प्रस्तुत करनी होगी।