स्वच्छता की मुहिम में जन-जन की हो भागीदारी घर से प्रदेश तक को बनाएं साफ-सुथरा: सांसद
ग्राम स्वराज अभियान के तहत बुधवार को जिलेभर में स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय पर स्वच्छ भारत मिशन शहरी और ग्रामीण के स्वच्छता सम्मान समारोह का आयोजन जिला परिषद व नगर परिषद की ओर से रोडवेज डिपो परिसर में किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि स्वच्छता को एक मुहीम के रूप में लेकर अपने घर, मोहल्ले, जिले तथा प्रदेश को स्वच्छ बनाएं। उन्होंने कहा कि घर-घर कचरा संग्रहण होगा, नदियां, मंदिर, नालियां स्वच्छ होंगी तो निश्चित तौर पर राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कचरा प्रबंधन के लिए प्रयास करने की आवश्यकता बताई। राज्य जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार ने कहा कि प्रदेश में 21 हजार सफाई कर्मियों की भर्तियां निकाली है। इससे प्रदेश में स्वच्छता को गति मिलेगी। संसदीय सचिव नरेंद्र नागर, मनोहरथाना विधायक कंवरलाल मीणा ने भी अभियान की जानकारी दी। कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी ने कहा कि बिना स्वच्छता सैनानियों के गली-मोहल्लों में सफाई नहीं हो सकती। उन्होंने बताया कि ग्राम स्वराज अभियान में 14 अप्रेल से 5 मई तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रमुख टीना कुमारी भील ने सभी का आभार व्यक्त किया। सांसद ने जिले को ओडीएफ बनाने तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने एवं स्वच्छता कार्यक्रमों में उल्लेखनीय कार्य करने पर जिले के मीडिया कर्मियों, नगर परिषद् के सफाईकर्मियों व ग्रामीण क्षेत्र में विशेष रूप से स्वच्छता कार्यक्रम सहयोग देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता सम्मान से सम्मानित किया।
झालावाड़. स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते सांसद।
जनप्रतिनिधियों ने रोडवेज बस डिपो परिसर में किया श्रमदान स्वच्छता दिवस पर सांसद, राज्य जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष , संसदीय सचिव नागर, जिला प्रमुख, मनोहरथाना विधायक, कलेक्टर सोनी, एसपी आनंद शर्मा, पूर्व विधायक अनिल जैन, संजय जैन ताऊ, एसडीएम पीसी रैगर, असनावर एसडीएम मनीषा तिवारी, नगर परिषद् आयुक्त, जिला परिषद् सदस्य संजय वर्मा, संजय शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम लोगों ने झाड़ू, पराती, फावड़ी लेकर रोडवेज डिपो परिसर को स्वच्छ बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
झालरापाटन पंचायत समिति में दिलाई स्वच्छता की शपथ
स्वच्छ भारत दिवस पर पंचायत समिति झालरापाटन परिसर में विकास अधिकारी जितेंद्रसिंह चूण्डावत के नेतृत्व में सफाई कार्य किया गया। तहसील परिसर झालरापाटन में तहसीलदार योगेश अग्रवाल के नेतृत्व में सफाई की गई। वसुंधरा कॉलोनी झालरापाटन में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। असनावर एसडीएम मनीषा तिवारी के नेतृत्व में हास्पिटल परिसर, विकास अधिकारी महेश चौधरी के नेतृत्व में सुनेल बरीबड़ला मोहल्ले , पंचायत समिति अकलेरा परिसर में बीडीओ रामनिवास, कुमठिया में एसडीएम चंदन दुबे के नेतृत्व में सफाई कार्य किया गया।
झालावाड़. स्वच्छता अभियान के तहत धनवाड़ा बस्ती में सफाई करते हुए।
सफाई के दौरान अधिकारियों को लगाने पड़े मास्क: धनवाड़ा रैगर बस्ती में एडीएम भवानी सिंह पालावत के नेतृत्व में स्वच्छता कार्यक्रम के दौरान मोहल्ले में कीचड़ से भरी नालियां और गंदगी से शहर की सफाई व्यवस्था का सच सामने आ गया। सफाई के लिए पहुंचे अधिकारी व अन्य लोगों को दुर्गंध के कारण मास्क लगाने पड़े। नियमित सफाई नहीं होने से मोहल्ले के लोगों को परेशानी हो रही है। सफाई कार्यक्रम एसडीएम पीसी रैगर, नगर परिषद् आयुक्त राजेन्द्र सिंह चारण, उपवन संरक्षक जयराम पाण्डे, नगर परिषद् के सफाई कर्मचारियों सहित धनवाड़ा बस्ती के लोगों ने धनवाड़ा बस्ती की गलियों के साथ-साथ नालियों की सफाई की।
बकानी में शहीद स्मारक से बस स्टैंड तक की सफाई: बकानी| शहीद स्मारक से बस स्टैंड पर स्वच्छता मिशन के तहत श्रमदान कर सफाई की गई। इस दौरान नायब तहसीलदार ओमप्रकाश दाधीच, विकास अधिकारी राजीव तोमर, सरपंच प्रतिनिधि प्रकाश कुशवाह, सचिव संजय उपाध्याय, स्वच्छता प्रभारी विष्णु दांगी, जेईएन सुनील शर्मा, केवल वाल्मिकी, रामबिलास गुप्ता ने श्रमदान किया।
झालावाड़. स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोग।
स्वच्छ भारत पर्व मनाया, रैली निकालकर लोगों को दी योजनाओं की जानकारी
उन्हैल| ग्राम पंचायत कुमठिया में बुधवार को स्वच्छ भारत पर्व के तहत एसडीएम चंदन दुबे, विकास अधिकारी सविता राठौर, नायब तहसीलदार नन्दकिशोर टेलर ने ग्रामीणों को विकास योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों व ग्रामीणों ने अटल सेवा केंद्र पर श्रमदान कर सफाई की। एसडीएम ने बताया कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत स्वच्छ भारत पर्व मनाया गया। कस्बे में रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। उन्हें प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, सौभाग्य प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना, उजाला योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन-ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, मिशन इंद्रधनुष आदि कई योजनाओं के बारे में बताया। अभियान के तहत बिजली विभाग की ओर से 26 अप्रेल को कुमठिया में शिविर लगाकर लोगों को एलईडी बल्ब का वितरण किया जाएगा व पात्र लोगों को बिजली कनेक्शन निशुल्क दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 20 अप्रेल को 101 पात्र लोगों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। वहीं मिशन इंद्रधनुष के तहत 30 अप्रेल को स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाया जाएगा। इस अवसर पर सरपंच प्रभुलाल मेहर, वार्ड पंच कालू सिंह, तेज सिंह, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राधेश्याम शर्मा आदि उपस्थित रहे।
असनावर| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कर्मचारियों व अधिकारियों ने परिसर की सफाई की। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया। परिसर में 2 घंटे तक परिसर में सफाई की। इसमें थाना प्रभारी इस्लाम अली, कानूनगो रमेश चंदेल, भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश मंत्री बापूलाल भील, सीनियर स्कूल के प्रधानाचार्य सुशील तिवारी ने श्रमदान किया।