अौषधि नियंत्रण संगठन अब होगा आॅनलाइन
राज्य सरकार की ओर से जनहित औषधि नियंत्रण संगठन को ऑनलाइन किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसमें नवीन लाइसेंसों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्व में ही 17 सितंबर 2017 से प्रारंभ की जा चुकी है। इसी क्रम में वर्तमान में कार्यरत औषधि विक्रेताओं की संस्थाओं को उनके समस्त दस्तावेजों का राज्य सरकार की वेबसाइट पर 30 अप्रैल तक अपलोड किया जाना है। औषधि नियंत्रण अधिकारी धौलपुर अनुभव शर्मा ने बताया कि आवेदक जिनको पूर्व में ऑफलाइन लाइसेंस जारी हुआ है वह अपने एसएसओ आईडी से वेबसाइट पर लॉगइन करेंगे एवं समस्त डाटा भरकर फॉर्म भरकर सबमिट करेंगे। सबमिट करने पर फार्म संबंधित क्लर्क अथवा बाबू को दिखाई देने लगेगा अाैर संबंधित क्लर्क उसमें शेष डाटा भर कर आवश्यक कार्रवाई संपादित करेगा। इसके अलावा हर माह टीबी के मरीजों की दवा रिटेलर को रिकॉर्ड रखना आवश्यक है एवं हर माह सरकार द्वारा निर्धारित गजट नोटिफिकेशन में दिए फॉर्मेट में भरकर जिला क्षय रोग अधिकारी एवं विभाग को भेजना अनिवार्य है अन्यथा आईपीसी के अंदर कार्रवाई किए जाने का प्रावधान है। आवेदन की प्रक्रिया पूर्व में ही शुरू की जा चुकी है।
राज्य सरकार ने लिया निर्णय, 30 अप्रैल तक अपलोड करने होंगे समस्त दस्तावेज
17 दुकानों पर निरीक्षण में मिली अनियमितता
जिले भर में करीब 310 मेडिकल स्टोर वर्तमान में हैं। वहीं शहर में करीब 45 से 50 मेडिकल की दुकान संचालित हैं। औषधि नियंत्रण अधिकारी अनुभव शर्मा ने बताया कि जनवरी 2017 से लेकर दिसंबर 2017 तक 180 बार मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 17 मेडिकल दुकानों में अनियमिततां पाई गईं। इस दौरान 17 ही दुकानों के संचालकों को कारण बताआे नोटिस जारी किए। इस दौरान 4 दुकानों को निलंबन हुआ अौर एक दुकान का लाइसेंस निरस्त कर 8 मेडिकल की दुकानों के संचालकों को चेतावनी दी गई।