26 श्रद्धालुओं का वर्षीतप होने पर निकाला शोभा जुलूस
जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक संघ की ओर से बुधवार को वर्षीतप पूर्ण होने पर उत्साह पूर्वक समारोह मनाया गया। इस अवसर पर जैन संत गच्छाधिपति 98 वर्षीय दौलतसागरजी के सानिध्य में शहर में शोभा जुलूस निकाला गया।
जुलूस में सभी 26 तपस्वी बग्घी पर सवार थे। जुलूस में शामिल श्रद्धालु भजनोें की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे। जुलूस का रास्ते में कई जगह स्वागत किया गया। बाद में यह जुलूस राधेश्याम मंदिर बगीचा पहुंचकर समारोह में बदल गया। इसमें गच्छाधिपति दौलतसागर, हर्षवर्द्धनसागर, नंदीवर्द्धन सागर ने आशीर्वचन दिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन समाजबंधु मौजूद थे।
एकांतरे 222 उपवास
जैन समाज के यशवंत गांग ने बताया कि सभी 26 श्रद्धालुओं ने करीब 13 माह के दौरान 400 दिन तक वर्षीतप किया। इस दौरान एकांतरे 222 उपवास किए और बाकी दिन व्यासना किया।
भवानीमंडी. 26 जैन तपस्वियों का वर्षीतप पूर्ण होने पर आयोजित समारोह मेें मौजूद जैन श्रद्धालु।
भवानीमंडी. कार्यक्रम में मौजूद 98 वर्षीय जैन संत दौलतसागर।
संत दौलतसागर ने 20 वर्ष की उम्र में ले ली थी दीक्षा
वर्षी तप समारोह में आए जैन संत गच्छाधिपति 98 वर्षीय दौलतसागर को जैन दीक्षा प्राप्त किए पूरे करीब 78 वर्ष हो चुके हैं। उन्होंने 20 वर्ष की उम्र में जैन संत की दीक्षा ग्रहण की थी। भवानीमंडी में वर्षीतप व जैन संत के आगमन पर उनके दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आए थे।