पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • फीमेल सर्जीकल वार्ड के पीछे की दीवार भरभरा कर गिरी, एक बड़ा हादसा टला

फीमेल सर्जीकल वार्ड के पीछे की दीवार भरभरा कर गिरी, एक बड़ा हादसा टला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिला चिकित्सालय के फीमेल सर्जीकल वार्ड की दीवार का एक हिस्सा सोमवार दोपहर को भरभरा कर ढह गया। दीवार का मलबा जिस जगह गिरा, वहां से दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती हैं। गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त वहां कोई नहीं था। दीवार गिरने के बाद मौके पहुंचे लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि दो माह से अस्पताल प्रशासन से दीवार की मरम्मत कराने के लिए कई बार कहा, यहीं नहीं लिखित में भी जिला अस्पताल और नगरपरिषद को देकर आए, लेकिन किसी ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया।

मोहल्लेवासियों ने बताया कि जिस जगह दीवार बनाई गई, वहां न तो उसके लिए नई नींव बनाई गई और जो नींव पहले से बनी हुई थी, उसकी भी मरम्मत नहीं कराई गई थी। यदि दीवार बनाते समय इसके निर्माण पर ध्यान दिया जाता तो शायद यह हादसा नहीं होता। उल्लेखनीय है कि जहां दीवार का हिस्सा गिरा, वहीं से अस्पताल सहित बाजार जाने के लिए रास्ता है।

धौलपुर. जिला अस्पताल के वार्ड के पीछे गिरी दीवार व पड़ा मलबा।

मिट्टी से चुनाई, ऊपर से सीमेंट का प्लास्टर, नाली का पानी समाया और गिर गई

दीवार का हिस्सा गिरने के बाद नजर आया कि जो उसकी नींव और ईंटों की चुनाई मिट्टी से की गई थी। मिट्टी से चुनाई के बाद उस पर सीमेंट का प्लास्टर कर दिया गया। दीवार के पास से ही बहने वाली नाली का पानी नींव में समाता रहा। जब पानी दीवार में अंदर तक पहुंच गया तो दीवार का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया।

दीवार में पिछले एक-डेढ़ माह से दरारें आ रहीं थीं। दो माह से पीएमओ को इसकी शिकायत की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। नगर परिषद को भी इस कच्चे नाले की मरम्मत कराने के लिए बोला है। हादसा होने के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा।

-मुश्ताक, पूर्व चेयरमैन, नगरपालिका

जो फाउंडेशन की चुनाई है वो मिट्टी की है। उसमें पानी चले जाने से फाउंडेशन के पत्थर डिस्टर्ब हो गए थे। वो दीवार का लोड नहीं ले सकेए इसलिए गिर गई। यह हिस्सा आरएसआरडीसी ने सन २००६ में बनाया था। उस समय फाउंडेशन को टच नहीं किया गया था। उसी पर दीवार बना दी थी। निरीक्षण करवा लिया गया है। मरम्मत कार्य भी शुरू करा रहे हैं।

-नेमीचंद मित्तल, सहायक अभियंता, एनआरएचएम

अस्पताल के अन्य वार्डों की काफी दीवारें जर्जर

नौगजा मोहल्ले में रहने वाले पूर्व वाइस चेयरमैन मुश्ताक सहित इमरान, राहुल माहौर, नगीना, मुख्त्यार सहित अन्य लोगों का कहना है कि यह छोटा हादसा हुआ है, आने वाले समय में बड़ा हादसा हो सकता है। कारण है कि अस्पताल के पिछले हिस्से में बने अन्य वार्डों की दीवार काफी पुरानी है। यही नहीं इस दीवार से सटकर ही नाला भी बना हुअा है और इसका पानी नींव में जा रहा है। यहां कभी कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।

खबरें और भी हैं...