पचपहाड़ पार्क में अंबेडकर की मूर्ति का अनावरण आज
भवानीमंडी। पार्क में अनावरण पटि्टका तैयार करते श्रमिक।
भवानीमंडी| शहर के पचपहाड़ के पालिका पार्क में लगाई गई डाॅ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा का शनिवार सुबह 8 बजे समारोह पूर्वक अनावरण होगा। एसडीएम राकेश मीणा ने शुक्रवार को बताया कि गत सप्ताह पार्क में मूर्ति लगाए जाने के बाद इसे लेकर पक्ष-विपक्ष में दो पक्ष हो गए थे। मूर्ति की सुरक्षा के लिए नगर पालिका ईओ से इसकी मंजूरी के बारे में जवाब मांगा गया था। उन्होंने गुरुवार को संभागीय आयुक्त से मूर्ति की मंजूरी का पत्र दिखा दिया। मूर्ति को लेकर बने दोनों पक्षों को बुलाया गया। जिसमें मूर्ति अनावरण की सहमति हो गई। एक पक्ष ने मूर्ति की सुरक्षा बनाए रखने की मांग की। इसके बाद मूर्ति स्थल पर अनावरण की तैयारी शुरू कर दी गई थी। मौके पर अनावरण पट्टिका स्टैंड बनाया जा रहा था। चेयरमैन पिंकी गुर्जर ने बताया कि मूर्ति का शनिवार सुबह विधायक रामचंद सुनारीवाल के मुख्य आतिथ्य में समारोह पूर्वक लोकार्पण अनावरण किया जाएगा।