अंबेडकर जयंती पर अाज निकालेंगे वाहन रैली
झालावाड़ । भारत र| डाॅ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शनिवार को जिलेभर में कार्यक्रम होंगे। अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति के समस्त संगठनों की ओर से अंबेडकर जयंती समारोह का आयोजन होटल इंद्रप्रस्थ रेजीडेंसी में शनिवार दोपहर 12 बजे होगा।
मुख्य अतिथि जिला परिषद के सीईओ बंशीलाल मीणा होंगे। विशिष्ट अतिथि एसीईओ नरेंद्र वर्मा,एसडीएम पीसी रैगर, डीएसओ प्रतिभा देवठिया, पीआरओ हेमंतसिंह होंगे। कार्यक्रम संयोजक पवन वर्मा ने बताया कि जयंती समारोह से पूर्व वाहन रैली निकाली जाएगी। रैली को सुबह 9 बजे बसस्टैंड सर्किल से कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य वैज्ञानिक अर्जुन वर्मा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली सुभाष सर्किल,पुराना मोटर गैराज,मंगलपुरा होती हुई अग्रवाल धर्मशाला से इंद्रप्रस्थ होटल पहुंचेगी, यहां समारोह होगा।
अंबेडकर जयंती पर सीएम की बजट घोषणा के तहत समस्त नगर पालिकाओं एवं नगर परिषद क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों द्वारा अंबेडकर भवनों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा। आयुक्त राजेन्द्र सिंह चारण ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र झालावाड़ में अग्निशमन कार्यालय के पास 67 लाख रुपए की लागत से बनने वाले अम्बेडकर भवन एवं नगर पालिका झालरापाटन में गिंदौर घाटी के पास 48 लाख की लागत के अंबेडकर भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास झालावाड़-बारां सांसद दुष्यन्त सिंह करेंगे।
अकलेरा में अग्रवाल धर्मशाला के पीछे 48 लाख रुपए से निर्मित होने वाले अंबेडकर भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास मनोहरथाना विधायक कंवरलाल मीणा करेंगे। भवानीमंडी क्षेत्र में संगम विहार कॉलोनी के पास 48 लाख के अंबेडकर भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास डग विधायक रामचन्द्र सुनारीवाल करेंगे। पिड़ावा में सराय भवन तिराहा के पास 48 लाख की लागत से बनने वाले अंबेडकर भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास नगर पालिका पिड़ावा के अध्यक्ष निर्मल शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा।
बैठक में जयंती पर चर्चा
अकलेरा. मेघवाल नवयुवक मंडल की बैठक बाबा रामदेव मंदिर पर हुई। इसमें 14 अप्रैल शनिवार को संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की 127 वी जयंती मेघवाल नवयुवक मंडल की ओर से धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया। अनुसूचित जनजाति के लोगों को भी जयंती में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। अध्यक्ष उमेश कुमार मेघवाल ने बताया कि 14 अप्रेल को डॉ. अम्बेडकर के जन्मोत्सव को हायर सैकंडरी स्कूल अकलेरा के मैदान में सुबह 11 से 2 बजे तक मनाया जाएगा। मुख्य अतिथि अश्विन के. पंवार एसडीएम अकलेरा, कंवर लाल मीना, पूर्व विधायक कैलाश मीना, चेयरमैन नगर पालिका कृष्णा प्रजापति बैनाथ मीना प्रधान पंचायत समिति अकलेरा, नन्दलाल केसरी प्रदेशाध्यक्ष, गोपाल लाल मेघवाल प्रदेश सचिव राष्ट्रीय मेघवाल युवा परिषद, माणकचंद मेघवाल जिला परिषद सदस्य द्वारा सभा को संबोधित किया जाएगा। सभा स्थल से शोभायात्रा व जुलूस तीन बत्ती चौराहा, मुख्य बाजार, रामद्वारा चौराहा, बाइपास रोड, विवेकानंद सर्किल होता हुआ सभा स्थल पर पहुंचकर समापन होगा। आयोजन को सफल बनाने में घनश्याम, भैरूलाल, विजय कुमार, नरेंद्र कुमार, नवन, लेखराज, अर्जुन, रवि कमलेश, पुरीलाल, दुर्गाशंकर द्वारा तैयारियां की जा रही है।
असनावर. तहसील स्तर पर बाबा साहब डाॅ. भीमराव अंबेडकर जयंती एससी सामुदायिक भवन में शनिवार को मनाई जाएगी। राधेश्याम भील ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि एसटी कर्मचारी जिलाध्यक्ष हुकमचंद मीना, जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक राजेश नंदन रहेंगे। इस अवसर पर रैली भी निकाली जाएगी।
पिड़ावा. सराय भवन में शनिवार को अंबेडकर भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास शनिवार सुबह 10.30 मिनट पर किया जाएगा। चेयरमैन निर्मल शर्मा ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सराय भवन में शनिवार को सुबह अम्बेडकर भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा।