33 लाख खर्च, 16 लाख में किराए पर दिए काॅम्प्लेक्स हाॅल
भवानीमंडी. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एक बार फिर नगर पालिका में प्रदर्शन कर अपनी मांगें दोहराई। उन्होंने कहा कि सात दिन में मांगें नहीं मानी गई तो फिर वे आगे उग्र धरना प्रदर्शन करेंगे।
उधर, भाजपा नगर पालिका बोर्ड ने इसे कांग्रेस की बौखलाहट का नतीजा बताया है। कांग्रेस नगर अध्यक्ष कालूलाल सालेचा, विपक्ष नेता हरीश राठौर आदि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया था। जिसमें उन्होंने पालिका के सिंधिया कम्प्लेक्स में बोर्ड की मंजूरी के बिना दो हाॅल बना देने और उन्हें चेयरमैन वाइस चेयरमैन के रिश्तेदारों को धरोहर राशि लेकर किराए पर देने का विरोध जताया। कॉॅम्प्लेक्स में हाॅल बनाने पर नगर पालिका की 33.48 लाख रुपए की राशि खर्च हुई है, जबकि इस पर 16 लाख रुपए ही धरोहर राशि मिली है। इसी तरह शहर में चर्चा में बनी हुई और नगर पालिका की बताई गई जवाहर काॅलोनी स्थित खसरा नंबर 641 की नागरिकों के सुविधा क्षेत्र की करीब 2.1़1 बीघा जमीन निजी व्यक्ति के खाते बांध दिए जाने और इस जमीन पर पालिका का संपत्ति का बोर्ड लगा होने के बावजूद पालिका की ओर से कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर भी कड़ा रोष जताया। उन्होंने इस मामले में सात दिन में पालिका बोर्ड की मीटिंग बुलाकर लीगल एडवाइजर से इसकी राय प्रस्तुत करने की कहा। इसी तरह नेहरू पार्क में 12 की बजाय 14 दुकानें बना दिए जाने और सरकारी जमीन पर पालिका संपत्तियों का बोर्ड लगाए जाने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस पार्षद विनय आस्तोलिया, रामधन मीणा समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। नगर पालिका ईओ रिषी देव ओला ने कांग्रेस के ज्ञापन पर बताया कि शिकायतों की जांच की जाएगी।
बिना भेदभाव के हर वार्ड में विकास काम करवा रहे हैं। कांग्रेस पार्षद ईओ पर दबाव बनाकर गलत काम करवाना चाहते हैं। ये यहां आकर प्रदर्शन करते हैं। पिंकी गुर्जर, चेयरमैन, नगर पालिका, भवानीमंडी
विरोध
बोर्ड मंजूरी के बिना रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने का आरोप, नगर पालिका में कांग्रेसियों ने फिर किया प्रदर्शन
भवानीमंडी. विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।