- Hindi News
- National
- आरसी पैनकार्ड चुराकर खुद के ट्रक पर लिखा फर्जी नंबर, फिर ट्रांसपोर्ट कंपनियों से माल ले गए, चार राज्यों में 35 लाख की ठगी
आरसी-पैनकार्ड चुराकर खुद के ट्रक पर लिखा फर्जी नंबर, फिर ट्रांसपोर्ट कंपनियों से माल ले गए, चार राज्यों में 35 लाख की ठगी
शातिर गिरोह के निशाने पर चार राज्यों के अनाज व्यापारी हंै। यह गिरोह चोरी की आरसी व पैनकार्ड का उपयोग कर ट्रांसपोर्ट कंपनियों से माल भरकर ले जाता है। अब तक चार वारदात में करीब 35 लाख रुपए का ईसबगोल, अनाज, सोयाबीन व उड़द ले गए हैं।
आठ माह में राजस्थान सहित चार राज्यों में वारदात की हैं। गिरोह वारदात एक-दो महीने के अंतराल से करता है। चारों ही वारदातों में मुकदमे भी दर्ज कराए गए लेकिन आरोपी फरार हंै। पुलिस जब आरसी के आधार पर संबंधित वाहन मालिक के पास जाती है तो पता चलता है कि उसकी आरसी चोरी हो गई थी, संबंधित थाने में रिपोर्ट भी दर्ज मिलती है। इस गिरोह की आठ माह से चार राज्यों की पुलिस सहित मध्यप्रदेश की क्राइम ब्रांच को भी तलाश है।
बेगूं थानाधिकारी डीपी दाधीच का कहना है कि मंडी में सोयाबीन चोरी की रिपोर्ट पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हमने दो बार टीम भी इंदौर भेजी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा। आरोपी के फोटो आदि जानकारी जुटा ली है। इसी आधार पर सलीम को भी नामजद कर लिया है। बेगूं के व्यापारी का 17 लाख का ईसबगोल पार होने के बाद अमरावती में भी वारदात हुई। इन दोनों व्यापारियों का एक-दूसरे से संपर्क होने के बाद ऐसा कोई गिरोह होने की पुलिस को जानकारी मिली। बेगूं के व्यापारी प्रवीण डांगी को पता चला कि बेगूं व अमरावती में वारदात में काम लिए ट्रक का नंबर एक ही था। ट्रक पर कलर भी एक जैसा ही। बैतूल व विजयनगर में हुई वारदात भी एक जैसी दिखी। ट्रक नंबर अलग थे, लेकिन रंग एक था।
जालसाजी के बदलते रोल| खुद के ट्रक, 4 लोगों का गिरोह ... कभी बनते हैं मालिक तो कहीं ड्राइवर
जालसाजी के दस्तावेज... जिस पर अपना फोटो लगाकर दिखाते थे व्यापारियों को
क्राइम ब्रांच के पास फोटो, झाबुआ से भी फरार हुआ है ...अब पुलिस की नजर नए ठिकाने पर
बेगूं कृषि उपज मंडी से सरेंद्रकुमार, प्रवीणकुमार डांगी की फर्म का 17 लाख रुपए मूल्य का सोयाबीन गायब हुआ था। यह सोयाबीन बेगूं से गुजरात की ऊंझा मंडी में एक सितंबर 2017 को भेजा था। आठ माह बाद भी बेगूं पुलिस ट्रक में भर ले गए सोयाबीन का पता नहीं कर पाई। 17 अक्टूबर, 2017 को अमरावती निवासी निरंजनकुमार द्वारा पांच लाख के सोयाबीन चोरी व धोखाधड़ी की रिपोर्ट गडगेन थाने में दर्ज कराई। यह सोयाबीन व्यापारी ने बड़ौदा-नागपुर ट्रक द्वारा भेजा। 5 अप्रैल 2018 को विजयनगर के उदयराज, इंद्रसिंह की फर्म द्वारा सात लाख के उड़द चोरी की रिपोर्ट कराई। यह उड़द विजयनगर से ट्रक द्वारा इंदौर के लिए भेजे थे। शाहपुर, बैतूल निवासी मनीषकुमार राठौर ने 19 जनवरी, 2018 को तीन लाख की मक्का चोरी की रिपोर्ट कराई। यह मक्का ट्रक से भोपाल भेजी थी। चारों वारदातों में से बेगूं व अमरावती की वारदात में गिरोह ने ट्रक की आरसी व पैनकार्ड एक ही उपयोग लिया। जिसका ट्रक नंबर जीजे 23 टी 8645 है। बैतूल व विजयनगर की वारदात में आरसी अलग है। जिसके ट्रक नंबर आरजे 09 जी 8268 बताए हैं।
फर्जी सिम व वाहनों के फर्जी कागजात से अनाज व अन्य सामान चोरी का आरोपी इंदौर निवासी सलीम खजराना है। राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात व मध्यप्रदेश पुलिस को उसकी तलाश है। सलीम झाबुआ से भी फरार है। एमपी क्राइम ब्रांच उसकी वारदातों से वाकिफ है। उसे पकड़ने के प्रयास में हैं। शातिर अपराधी की सारी जानकारी जुटाई है। चंद्रसिंह चौहान, एसआई, क्राइम ब्रांच इंदौर
ऐसे देते हैं धोखा... यह है वो ट्रक जिस पर चुराई गई आरसी के नंबर लिखकर अनाज मंडियों में जाकर व्यापारियों व ट्रांसपोटर्स को झांसा देकर माल भरकर ले जाते है।
सरगना का चेहरा... फोटो इंदौर के सलीम की है, जो एमपी की क्राइम ब्रांच ने उपलब्ध कराई है। इसे ही गैंग का सरगना बताया है।
गिरोह में 4 लोग... पुलिस सूत्रों के अनुसार अनाज मंडियों में फर्जी दस्तावेज पर ट्रांसपोर्ट के माध्यम से अनाज चोरी के इस शातिर मास्टर माइंड के साथ तीन-चार लोगों का गिरोह है।
खुद के हैं ट्रक... बताया गया कि वारदातों में गिरोह खुद के दो ट्रक काम लेता है। जिन पर ट्रक नंबर चुराई गई आरसी के लिखे होते हैं और चोरी के पैन कार्ड पर फोटो बदल दिया जाता है।
एक बनता है ट्रांसपोर्ट मालिक... गिरोह के एक व्यक्ति को ट्रांसपोर्ट का मालिक बनाकर व्यापारी से मोबाइल पर बात कराई जाती है ताकि व्यापारी भी रूटीन कार्य समझ कर शंका नहीं करे। जैसे ही अनाज से भरा ट्रक दूसरी मंडी के लिए रवाना होता है।
मोबाइल कर देते बंद... माल लेकर ट्रक रवाना होते ही चालक अपना मोबाइल बंद कर देता । सिम भी नष्ट कर देता है। व्यापारी का माल संबंधित मंडी में पहुंचाने की बजाय चोरी कर लेते हैं। चालक व अन्य आरोपियों के पास मोबाइल सिम भी फर्जी होती है।
पुलिस का कहना है कि बेगूं व अन्य जगह वारदात में इस्तेमाल की गई सिम का पुलिस ने पता किया तो वह किसी अन्य व्यक्ति के नाम निकली।
एफआईआर से
1 बेगूं के व्यापारी का 17 लाख का ईसबगोल पार होने के बाद अमरावती में भी ट्रक से सोयाबीन चोरी की वारदात हुई।
2 शाहपुर, बैतूल निवासी मनीषकुमार राठौर ने 19 जनवरी, 2018 को तीन लाख की मक्का चोरी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई।
3 17 अक्टूबर, 2017 को महाराष्ट्र के अमरावती निवासी निरंजनकुमार द्वारा पांच लाख के सोयाबीन चोरी व धोखाधड़ी की रिपोर्ट गडगेन थाने में दर्ज कराई।
4 5 अप्रैल 2018 को विजयनगर अजमेर निवासी उदयराज, इंद्रसिंह की फर्म द्वारा 7 लाख के उड़द चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। यह उड़द विजयनगर से ट्रक द्वारा इंदौर के लिए भेजे थे।
भास्कर अलर्ट
बेगूं के अनाज व्यापारी सतीश कुमार अग्रवाल का कहना है जिस ट्रांसपोर्ट से ट्रक भेजे जाते हैं उसके मोबाइल नंबर पहले से व्यापारियों के पास हों व ट्रांसपोर्ट कंपनी के बेसिक फोन नंबरों पर बात होे। ट्रांसपोर्टर अमित कुमार बताते हैं कि अगर बाहरी राज्य से कोई ट्रक यहां आ रही है या फिर उस क्षेत्र में पहली बार ट्रक आई है तो ट्रांसपोर्टर संबंधी गाड़ी के ट्रांसपोर्टर या मोटर मालिक से बात करें। माल भरने आई ट्रक के चालक का फोटो भी खींच लें। चेचिस नंबर भी देख लें।