बसई नवाब क्षेत्र मे 48 घंटे बिजली गुल, पेयजल संकट
बसई नवाब | कस्बे सहित क्षेत्र में आए दो दिन पूर्व तेज अंधड़ और तूफान के कारण क्षेत्र मे करीब 200 से भी अधिक बिजली के पोल व तार टूट गए थे। जिससे कस्बे सहित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। 48 घंटे बीत जाने के बाद भी आज तक बिजली सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी है। बिजली गुल होने के कारण क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया हुआ है। पेयजल के लिए लोग आज दिनभर इधर-उधर भटकते रहे और कहने लगे कि आखिर बिजली आपूर्ति कब तक चालू हो पाएगी। बिजली के अभाव मे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आमजन सहित व्यापारी वर्ग भी बिजली के अभाव मे काफी परेशान नजर आ रहा है। बिजली के अभाव मे ही कस्बा की सीएचसी भी विभिन्न संकटों से जूझ रही है। तेज अंधड़ के कारण घरों मे काफी धूल प्रवेश कर चुकी है जिसके लिए पानी की काफी आवश्यकता है । बिजली ठप होने के कारण सीएचसी पर पेयजल संकट, साफ-सफाई, हवा, रोशनी, वैक्सीन का रखरखाव, एक्सरे, जांच सुविधाएं, प्रसव जैसे आदि महत्वपूर्ण काम बाधित हो रहे है। कस्बा के लोगों का कहना है कि आज के युग मे बिजली मानव के जीवन का एक अभिन्न अंग बन चुकी है।