लिपिक ग्रेड सेकंड के 11 हजार पदों के लिए 10 मई से ऑनलाइन आवेदन
जयपुर | राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड ने सोमवार को लिपिक ग्रेड सेकंड-कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी कर दी। 11,255 पदों के लिए होने वाली इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 मई से शुरू होगी, जो 8 जून तक चलेगी। परीक्षा सितंबर माह में प्रस्तावित है। कुल 11,255 पदों में से 10,106 नॉन टीएसपी और 1149 टीएसपी एरिया के हैं। लिखित परीक्षा में कुल 100-100 अंक के दो पेपर होंगे, जिसमें प्रथम पेपर में सामान्य ज्ञान, दैनिक विज्ञान व गणित के प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं द्वितीय पेपर में हिंदी व अंग्रेजी के प्रश्न पूछे जाएंगे। सफल अभ्यर्थियों की टाइपिंग व दक्षता परीक्षा होगी।
बोर्ड के सदस्य नंदसिंह नरूका ने बताया कि पदों के लिहाज से यह बोर्ड की अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा होगी। इससे पहले बोर्ड की सबसे बड़ी भर्ती पटवारी भर्ती थी, जिसमें 4400 पदों पर भर्ती की गई थी।