गागरीन से सप्लाई शुरू होने तक गांवों में टैंकरों से जलापूर्ति करें: सांसद
सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि विकास एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है। झालावाड़ जिले में जनभावनाओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप राज्य और केंद्र की भाजपा सरकारों ने खूब विकास कार्य करवाए हैं। इसके बाद भी यदि कुछ बाकी रह गया है तो उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
पिड़ावा क्षेत्र में सांसद आपके द्वार कार्यक्रम में सांसद सिंह ने कहा कि प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं में तालमेल बनाते हुए क्षेत्र के संपूर्ण विकास की प्रक्रिया जारी रहेगी, लेकिन झूठ बोलकर गुमराह करने की हमारी आदत नहीं है। हम वही कहेंगे जो यथार्थ के धरातल पर सम्भव हो सकेगा। सांसद सिंह ने आज रायपुर, पिड़ावा और सुनेल ग्रामीण के 8 पंचायत मुख्यालयों पर जन सुनवाई की। फतेहगढ़ में उन्होंने खेजरपुर, निम्बाहेड़ा व कचराखेड़ी से एमपी सीमा एवं फतेहगढ़ से खेजरपुर तक सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। चंवली बांध के खाली रहने की समस्या से जल्दी ही निजात मिलने वाली है। आहू नदी के पानी को चंवली बांध में लाने की परियोजना पर काम जल्द ही शुरू होने जा रहा है। माथनिया में सरपंच को कहा कि विकास के लिए मिलने वाली राशि बराबर से बांटी जानी चाहिए।
सांसद ने यहां नकलंक, मोड़ी व नयागांव बहादुरपुरा में गागरीन का पानी पहुंचने तक टैंकरों से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ओसांव में आयोजित सभा में उन्होंने सिंचाई समस्या के समाधान के लिए चंवली बांध से पानी लाने की संभावनाओं की तलाश करवाने का आश्वासन दिया। मंगीसपुर में माइक्रोडेम की मांग पर जल संसाधन विभाग की ओर से बताया गया कि सर्वे में प्रस्तावित भूमि वन विभाग में आ रही है। ग्रामीणों को बताया गया कि कुंडला प्रताप से मंगीसपुर सड़क एवं 33 केवी जीएसएस के प्रस्ताव सरकार को भेजे हुए हैं।
रायपुर. सांसद आपके द्वार के तहत लोगों की समस्याएं सुनते सांसद।
सरकार का आभार जताया
फतेहगढ़ में ग्रामीण जनता ने मध्यप्रदेश सीमा तक 3 किमी सड़क निर्माण की स्वीकृति जारी होने पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का आभार जताया। हेमड़ा निवासी मुकेश मोदी ने बताया कि उसका पुत्र रितेश मूत्र नली की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। सरकार की भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना से उसका इलाज संभव हो सका है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा सुनेल मंडल ने हेमड़ा में घर घर नल योजना स्वीकृत एवं सड़कों का जाल बिछाने पर सरकार का आभार व्यक्त किया। हेमड़ा में उन्होंने केंद्रीय सहकारी बैंक की ओर से धापूबाई नामक महिला को उसके पति की दुर्घटना मृत्यु की मुआवज़ा राशि का चेक सौंपा।
सांसद कोष से ये हुई स्वीकृति: उन्होंने कुंडला प्रताप में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 5 लाख एवं श्मशान घाट की चारदीवारी के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए की स्वीकृति जारी करने की घोषणा की।
ज्ञापन पर त्वरित कार्यवाही कर बीमा क्लेम दिया: सांसद दुष्यंत सिंह की जनसुनवाई में आए ज्ञापन के बाद तुरंत कार्रवाई कर संबंधित व्यक्ति को क्लेम दिलाया गया। सहकार दुर्घटना बीमा योजनांतर्गत मांगूसिंह खेत पर कार्य करते समय करंट लगने के कारण मृत्यु हो जाने पर 5 रुपए बीमा क्लेम का चेक मृतक कृषक की प|ी धापूबाई को दिया गया।
पांच विकास कार्यों के लोकार्पण भी किए
सांसद सिंह ने मंगीसपुर में किसान सेवा केंद्र, सार्वजनिक कुआं और सीसी सड़क सहित पांच विकास कार्यों को लोकार्पित किया। उन्होंने हेमड़ा में मंगीसपुर रोड पर यात्री प्रतीक्षालय, बालिका प्राथमिक स्कूल में रसोईघर, उच्च माध्यमिक स्कूल में बरामदा निर्माण, बोरदा रोड एससी बस्ती व हनुमान जी की बगीची में सामुदायिक भवनों सहित 8 विकास कार्यों के शिलापट्टों का अनावरण कर जनता को समर्पित किया। हेमड़ा में कार्यकर्ता सांसद सिंह को गाजे बाजे के साथ कार्यक्रम स्थल तक लेकर गए।
गुलेन बेरी सिंड्रोम रोगी को उपचार दिलाने के निर्देश
मंगीसपुर में घनश्याम बैरागी नामक एक गंभीर रोगी को देखकर सांसद व्यथित हो उठे। यह व्यक्ति गुलेन बेरी सिंड्रोम नामक अति गंभीर रोग से पीड़ित बताया गया। कोटा के एक निजी अस्पताल ने भामाशाह कार्ड होने के बावजूद उसके उपचार की मद में 2.85 लाख रुपए की राशि वसूल कर ली थी। गांव वालों की मदद से बैरागी के उपचार की राशि चुकाई जा सकी, लेकिन वह अभी भी स्वस्थ नहीं है। सांसद ने तत्काल सीएमएचओ डॉ. साजिद खान को उसके उपचार की व्यवस्था करने एवं निजी चिकित्सालय के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सांसद सिंह के साथ के दौरे में आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष श्यामसुंदर शर्मा, जिला प्रमुख टीना भील, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य दिनेश जैन, प्रधान कन्हैयालाल पाटीदार, टीएसी सदस्य नागेश शर्मा, नरेंद्र सिंह तोमर, कमल कासलीवाल, हुकम पाटीदार, उप जिला प्रमुख भागचंद दांगी सहित अन्य शामिल रहे।