सैंपऊ के मुख्य बाजार में करीब दो घंटे तक जाम से चरमराई यातायात व्यवस्था
कस्बे के मुख्य बाजार में आए दिन जाम लगने से लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है। मुख्य बाजार में लगने वाले जाम को लेकर पुलिस थाने में आयोजित होने वाली बैठकों में अनेकों बार चर्चा की गई है। लेकिन समस्या का स्थाई समाधान अभी तक पुलिस प्रशासन नहीं खोज सका है। जिसके चलते जाम से यातायात व्यवस्था बाधित होना आम बात हो चली है। कस्बे में शुक्रवार को सालग के कारण मुख्य बाजार में दिन भर पल पल पर जाम लगता रहा। दोपहर बाद करीब डेढ़ से 2 घंटे तक वाहनों की रेलमपेल के चलते बाजार बुरी तरह जाम हो गया। इस दौरान यातायात साधनों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस का भी अभाव देखा गया। लोगों ने बताया कि कस्बे के मुख्य बाजार की सड़क का आधा हिस्सा खरीदारी करने के लिए आने वाले ग्राहकों के दोपहिया और चार पहिया वाहनों से घिरा रहता है। ऐसे में बाजार से दो तरफा यातायात का निकलना खासा मुश्किल हो जाता है। खासकर सहालग के समय में बाजार में लंबे समय तक जाम लगना आम हो चला है। इस समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन के पास कोई प्लानिंग नहीं है। जिसकी वजह से कस्बेवासी ही नहीं क्षेत्र के नागरिकों और मार्ग से गुजरने वाले यातायात साधनों को खासा खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
सैंपऊ. बाजार में जाम के दौरान लगी वाहनों की कतार।
जाम से बचने के दो विकल्प : बाईपास निर्माण हो या नाला बंद कराकर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाए
कस्बे के मुख्य बाजार में सड़क की कम चौड़ाई के कारण आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को लेकर ग्रामीणों एवं दुकानदारों ने दो सुझाव दिए है। उनमें एक मुख्य बाज़ार की सड़क के दोनों ओर मौजूद नाले को बंद करा कर सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाए तो जाम की समस्या से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। या दूसरे विकल्प के तौर पर बाईपास का निर्माण ही इस समस्या का समाधान हो सकता है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन को पहल करनी पड़ेगी। तब जाकर ही समस्या का समाधान हो सकेगा।