अंधड़ के दौरान आगजनी में झुलसे नौनिहालों ने खोली 5 दिन बाद आंखें
सैंपऊ। पिछले दिनों कस्बे में अंधड़ के दौरान आगजनी की घटना में झुलसे देंवेद्र के परिवार के सभी सदस्यों की हालत में गत दिनों की अपेक्षा सोमवार को काफी सुधार देखने का मिला है। डेढ़ वर्षीय देवेश और चार माह के देवू ने पांच दिन बाद आंखें खोल ली। देवेश तो डॉक्टर के चुटकी बजाते ही एकदम से मुस्करा गया। और उसने पीने के लिए पानी मांगा। बच्चों के साथ साथ पिता देवेंद्र की हालत में सुधार देखकर डॉक्टर्स को परिवार का स्वास्थ्य पहले से बेहतर होने की उम्मीद बंधी है।
उल्लेखनीय है कि कस्बे में बुधवार को आए तेज अंधड़ के कारण कस्बे के शिवनगर मोहल्ला निवासी मोहन कुशवाह का पूरा परिवार आगजनी की चपेट में आ गया था। घर के अंदर सो रहे बच्चों देवेश और देवू को बचाने के चक्कर में पिता देवेंद्र और मां नीतू बुरी तरह झुलस गए थे। वही दोनों मासूम भी आग की लपटों की चपेट में आ गए थे। सभी आगजनी पीडितो का उपचार जयपुर एसएमएस अस्पताल में कूंकरा निवासी डां रामकेश सिंह परमार के निर्देशन में चल रहा है। परमार ने बताया कि सोमवार को वे मरीजों को देखने गए तो देवेंद्र की हालत में गत दिनों की अपेक्षा सुधार देखा गया। वही दोनों बच्चों ने भी पांच दिन के बाद आज आंखें खोली और उनके चुटकी बजाने पर डेढ़ वर्षीय देवेश मुस्कराया। बच्चों को मुस्कराते देख सभी के स्वास्थ्य होने उन्हें तसल्ली हुई है।
सैंपऊ. आखें खोले हुए बच्चे देवेश और देवू।