कोटकपूरा | थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस द्वारा करीब दस दिन पहले काबू किए गए दो कथित आतंकियों को करीब दस दिन पुलिस रिमांड पर रखने के बाद सोमवार को अदालत में पेश करने पर न्यायाधीश ने दोनों आरोपियों को चौदह दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोटकपूरा फरीदकोट रोड पर घटित एक सड़क हादसे की जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकियों संदीप सिंह वासी गांव बंगी निहालसिंहवाला जिला बठिंडा और अमर सिंह वासी गांव चट्ठा जिला सिरसा को दो पिस्तौल व चालीस कारतूस समेत काबू किया था। जांच के दौरान इन लोगों के खलिस्तानी पक्षी आतंकी संगठनों के साथ संपर्क होने व विदेश से पंजाब में धार्मिक नेताओं व गायकों की हत्या करने को फंडिंग के सुराग हाथ लगे थे। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आस्ट्रेलिया में बैठा गुरजंट सिंह इन दोनों आरोपियों के संपर्क में था व इन दोनों को टारगेट किलिंग कर दहशत फैलाने को पैसा व हथियार उपलब्ध करवा रहा था। वहीं रिमांड के दौरान पुलिस इन दोनों आतंकियों के तीन मोबाइल ढूंढने में कामयाब रही। उन्हें फिर से आज फरीदकोट अदालत के ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां अदालत ने इन दोनों को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में फरीदकोट जेल भेज दिया।