कस्बे के बस स्टैंड स्थित सेठ मेघराज ठोलिया स्कूल में भगवान महावीर विकलांग समिति जयपुर व जैन परमार्थ सेवा ट्रस्ट निमाज के संयुक्त तत्वाधान में 3 दिवसीय नि:शुल्क दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के तीसरे दिन 230 दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए गए। इस दौरान कस्बे के मालियों का काचोड़ा निवासी सुमन पुत्री मोहनलाल को डॉक्टरों की टीम द्वारा कृत्रिम हाथ लगाया गया। सुमन वर्तमान में बीए द्वितीय वर्ष की विद्यार्थी है। जन्म से ही सुमन का दाहिने हाथ का पंजा नहीं था, जिससे सुमन को परेशानी उठानी पड़ती थी। परिजनों को जब दिव्यांग कैम्प के बारे में पता चला तो उन्होंने सुमन का पंजीकरण करवाया। जोधपुर से पहुंची टीम द्वारा दिव्यांग सुमन को कृत्रिम हाथ लगाया। कृत्रिम हाथ से जब सुमन ने पहली बार कोई वस्तु उठाई तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इसी तरह 2011 में ट्रैक्टर चलाते वक्त थ्रेसर में आने से रामलाल कुमावत के हाथ की कोहनी नीचे तक कट गई थी, उसको भी कृत्रिम हाथ लगाया गया। कृत्रिम हाथ लगाने से रामलाल आसानी से ट्रैक्टर चलाने सहित अपने रोजमर्रा के काम कर सकता है।
शिविर
कस्बे के मेघराज ठोलिया स्कूल में दिव्यांग शिविर आयोजित, 650 उपकरण वितरित
शिविर में 650 दिव्यांगों को उपकरण वितरित
अजमेर समिति के संयुक्त सचिव सुरेश मेहरा ने बताया कि जयपुर समिति के संस्थापक डीआर मेहरा के आदेशानुसार तीन दिवसीय शिविर में 650 दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए गए। जिसमें 30 कृत्रिम पैर, 7 कृत्रिम हाथ, 51 कैलिपर, 45 बैसाखी, 96 ट्राई साइकिल, 36 व्हीलचेयर, 232 हियरिंग एड, 127 छड़ी एवं 6 ब्लाइंड स्टीक थी। शिविर के दौरान पारसमल ठोलिया, तेजराज भंडारी, शांतिलाल भंडारी, नरेंद्र ठोलिया, जितेंद्र जैन, गौरव जैन, मुकुंददास, घनश्याम गौड़, संपतसिंह गहलोत आदि मौजूद थे।