हैदराबाद में सड़क हादसे में काल कलवित हुए तीनों युवकों का रविवार को निकटवर्ती ग्राम आकेली में बेहद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ। रविवार सुबह 7 बजे जब तीनों युवकों के शव आकेली पहुंचे तो हर आंख नम हो उठी। शवों को देख परिजनों का जहां रो रोकर बुरा हाल था। वहीं ग्रामवासी परिजनों को ढांढस बंधाते दिखे। तीनों मृतकों की मां शव देख बेसुध हो गई। हर कोई परिजनों के दुख में शरीक दिखा। तीनों युवकों की शवयात्रा भी एक साथ ही निकली। पूरा गांव शोक मग्न दिखा तो कई लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रख शोक व्यक्त किया।
सड़क हादसे में तीनों दोस्तों की हुई थी मौत
गौरतलब है कि आकेली ग्राम के तीन युवकों की हैदराबाद के पटनचेरू में 18 मई को सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। तीनों युवकों की मृत्यु से आकेली सहित आसपास के क्षेत्र के ग्रामीण शोकमग्न दिखे। हादसे में सूरज पुत्र गोविंदसिंह, बलवीर पुत्र ओमप्रकाश व सुभान पुत्र ईदू खां की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।