इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर चौड़ी नदी के पास अंधे मोड़ पर गुरुवार दोपहर आमने-सामने से आ रहे वाहनों के ड्राइवरों ने टक्कर से बचने के लिए अपने वाहनों की दिशा बदलने का प्रयास किया इस दौरान कंडक्टर साइड से दोनों की टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस में सवार आठ यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया।
खरगोन से यात्रियों को लेकर बुरहानपुर की तरफ जा रही बस एमपी 13 पी 0906 में बुरहानपुर, खरगोन व महाराष्ट्र के यात्री सफर कर रहे थे। इस दौरान दोपहर 2 बजे चौड़ी नदी के पास बुरहानपुर की तरफ से आ रहे ट्रक आरजे 02 जीबी 1418 जिसमें स्टील की प्लेटें भरी हुई थी, ट्रक हैदराबाद से दिल्ली जा रहा थ। बस व ट्रक दोनों की तेज रफ्तार थी। अचानक ही दोनों वाहनों के ड्राइवर को दुर्घटना का अंदेशा हुअा। बचाव करने में गलत दिशा में सड़क पर उतरने का प्रयास किया लेकिन दोनों वाहन कंडक्टर साइड से टकरा गए। दुर्घटना के बाद आधा घंटे तक जाम लगा रहा। लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। डायल 100 व 108 एंबुलेंस भी मौके पर आ गई। निंबोला पुलिस ने ट्रक ड्राइवर पर केस दर्ज किया। ज्योति पति संजय (23) बोदड़ली शाहपुर, सियाराम पिता बंशी (33) जामखेड़ा, मनीषा पिता सदन (12), सुमन पति सदन (30) पाडलिया, मंगला पति पितांबर (52) महाजनापेठ, कांता पति प्रहलाद (58) जामनेर महाराष्ट्र, शीला पिता रायसिंह (23) जालखेड़ा, योगेश पित बद्रीलाल (25) जामखेड़ा घायल हुए है सभी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
यात्रियों का बचाना था, रांग साइड उतारा ट्रक
ट्रक के कंडक्टर मुश्ताक खान निवासी दिल्ली ने बताया कि सामने से बस भी तेज गति से आ रही थी। बस में सवार यात्रियों को बचाने के लिए रांग साइड जाना पड़ा। फिर भी बस ट्रक के करीब आकर टकरा गई। इससे कम ही नुकसान हुआ किसी यात्री की जान नहीं गई।