मांगों को लेकर आज होगी एमपीएल की ट्रांसपोर्टिंग ठप
निरसा हाइवा परिवहन स्वावलंबी सहकारी समिति की बैठक सोमवार को हरियाजाम स्थित कार्यालय में समिति के अध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सड़क की जर्जर स्थिति व पैसे का भुगतान सही समय पर ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों द्वारा नहीं किए जाने के विरोध में मंगलवार को एमपीएल की ट्रांसपोर्टिंग ठप करने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि खुदिया फाटक से सिंदरी कॉलोनी मोड़ तक व एमपीएल गेट से कोलडंप तक सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर है। इसके कारण आए दिन हाइवा के पार्ट्स-पुर्जे टूटते रहते हैं। इसके कारण हाइवा मालिकों को काफी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। एमपीएल में कोयला ढुलाई में लगे वाहनों जो 1 से 15 तारीख तक चलते हैं उनके भाड़े का भुगतान 25 तारीख तक कर देना है। परंतु इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। नो-एंट्री के दौरान खाली वाहनों को जाने की अनुमति प्रदान किया जाए। इससे सड़क जाम से मुक्ति मिलेगी। कई बार प्रबंधन को अवगत करवाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।