पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • महागठबंधन घटिया लोगों का जमावड़ा : मुख्यमंत्री

महागठबंधन घटिया लोगों का जमावड़ा : मुख्यमंत्री

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गोमिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भाजपा ने साढ़े तीन साल में विकास के जो काम किए हैं, उसे बताने की जरुरत नहीं है। पूरे राज्य में सरकार का काम बोल रहा है। यह उप चुनाव गोमिया की दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन घटिया किस्म के लोगों का जमावड़ा है। इस गठबंधन में शामिल सभी पार्टियों के नेताओं ने झारखंड को लूटा है। शनिवार को पेटरवार बाजारटांड़ में सभा में बोल रहे थे। सीएम ने कहा कि झामुमो, कांग्रेस, राजद, झाविमो का महागठबंधन येन केन प्रकारेण झारखंड को लूटने के लिए बनाया गया है। जनता इनके पैतरों से अनजान नहीं है।

उन्होंने कहा कि जहां शांति है वहीं विकास है। भाजपा सरकार ने 60 से 70 फीसदी उग्रवादियों को सरेंडर करने को बाध्य किया। साथ ही गरीब जनता से वसूल किए गए रुपयों को भी सीज किया जा रहा है। देश विदेश के लोग उग्रवाद के डर से झारखंड आने से कतराते थे, अब ऐसा नहीं है। भाजपा जातिवाद, सम्प्रदायवाद की राजनीति नहीं करती। विकास की राजनीति में विश्वास रखती है।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव में धनबल का प्रयोग कर जीतने का प्रयास किया जा रहा है। यहां के प्रबुद्ध मतदाता इनके मंसूबों पर पानी फेर देंगे। उन्होंने कहा कि चार चार संथाली मुख्यमंत्री बने लेकिन लुगुबुरू धार्मिक स्थल की कभी सुध नहीं लिया। हमारी सरकार ने इस पवित्र स्थान को राजकीय धार्मिक स्थल का दर्जा दिया। कार्यक्रम को बोकारो विधायक विरंची नारायण, विधायक अनन्त ओझा, पूर्व विधायक छत्रुराम महतो समेत अन्य थे।

पेटरवार में चुनावी सभा को संबोधित करते रघुवर।

राज्य को लुटेरों से बचाएगा महागठबंधन : शिबू सोरेन

भास्कर न्यूज | कसमार

झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने कहा कि भाजपा का विकास जमीन पर नहीं, खंभों पर नजर आता है। सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता तंग आ चुकी है। इसलिए इस उपचुनाव में जनता भाजपा व आजसू के मंसूबे को विफल करेगी। विपक्ष का महागठबंधन राज्य को लुटेरों से बचाएगा। सोरेन शनिवार को गोमिया के कसमार प्रखंड के मंजूरा स्थित सपाहीटांड़ में साझा दलों की सभा में बोल रहे थे। मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे, डुमरी विधायक जगरनाथ महतो, मासस के निरसा विधायक अरूप चटर्जी, माले के पूर्व विधायक विनोद सिंह, गोड्डा के पूर्व विधायक फुरकान अंसारी, गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, भाकपा के इफ्तेखार महमूद भी मौजूद थे ।

हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार की काली करतूतों को उठाने के कारण विपक्ष के नेताओं को टारगेट कर फंसाया जा रहा है। कार्यकर्ता अपने- अपने बूथ को संभाले, एक भी वोट लुटेरी सरकार के पक्ष में न पड़ने दे। सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कर्नाटक प्रकरण में भाजपा मुंह छुपाती फिर रही है। कहा कि नरेंद्र मोदी देश को गिरवी रखने पर तुले हुए है। ददई दुबे ने कहा कि भाजपा अंग्रेज से भी खराब शासन कर रही है। फुरकान अंसारी ने कहा कि यह सरकार कारपोरेट के हाथों की कठपुतली है। विनोद सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में जितनी महंगाई बढ़ी, वैसी महंगाई देश में आजतक नहीं आयी थी। कार्यक्रम में अरूप चटर्जी,जगरनाथ महतो योगेंद्र महतो ने भी विचार रखे। प्रत्याशी बबीता देवी अपने संबोधन के दौरान भावुक होकर रो पड़ी। सभा में झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी को भी पहुंचना था, लेकिन वे नहीं आए।

कार्यक्रम में शिबू सोरेन, साथ में सुबोधकांत व हेमंत।

खबरें और भी हैं...