सरकार के निर्देश पर चयनित ग्राम विकास व आदिवासी विकास समिति के नवचयनित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्षों के परिचय को लेकर शनिवार को निरसा प्रखंड सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक भारी अफरा-तफरी के बीच हुई। किसी तरह बीडीओ ने उपस्थित नवचयनित सदस्यों से परिचय प्राप्त कर बैठक को समाप्त किया। हालांकि बैठक को लेकर चयनित सदस्य प्रशासनिक अधिकारियो को कोसते नजर आए। ग्राम विकास व आदिवासी विकास समिति के चयनित सदस्य उत्साह के साथ अपना परिचय देने को लेकर शनिवार को निरसा प्रखंड मुख्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में पहुंचे थे। परंतु सभागार में सदस्यों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं थी। भीषण गर्मी में पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के कारण सदस्य काफी परेशान दिखे। चयनित महिला सदस्य तीखी धूप में कुर्सियों की कमी के कारण सभागार के बाहर खड़ी रही। इस दौरान महिला सदस्यों को शौचालय की कमी का भी दंश झेलना पड़ा। बैठक में उपस्थित सदस्यों का आरोप था कि एक साजिश के तहत सदस्यों को बैठक में परेशानियों का सामना करना पड़ा। बैठक को अगर दो सत्रों में संपन्न करवाई जाती तो हमें काफी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।