निरसा|निरसा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुषमा कुमारी ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर निरसा थाना क्षेत्र के पिठाकियारी में छापेमारी कर साइबर अपराध में शामिल शिवकुमार रविदार को धर दबोचा। पकड़े गए अपराधी के पास से विभिन्न बैंकों के चार एटीएम कार्ड, कई बैंक के खाते व 15 हजार रुपए नकदी बरामद किया गया। इस संबंध में शिवकुमार रविदास सहित चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है। इस संबंध में निरसा थाना प्रभारी ने बताया कि पिठाकियारी गांव में कुछ युवक साइबर अपराध से जुड़े हैं। सूचना के आलोक में जब छापेमारी की गई तो शिवकुमार रविदास को मौके से धर दबोचा गया। उसकी तलाशी लेने पर विभिन्न बैंक के चार एटीएम कार्ड, कई बैंक खाता व 15 हजार रुपए बरामद किया गया। जब बैंक खातों के ट्रांजेक्शन को खंगाला गया तो प्रतिदिन दो से तीन हजार के माध्यम से एटीएम से 30 हजार रुपए की निकासी का मामला सामने आया। आरोपी से जब पूछताछ की गई तो वह कुछ स्पष्ट नहीं बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर तीन अन्य लोगों पर मामला दर्ज करते हुए उसकी गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाई जा रही है।