ग्राम विकास समिति के गठन को लेकर दो पक्षों में मारपीट,आधा दर्जन घायल
निरसा थाना क्षेत्र के घाघरा पंचायत के वैदपुर गांव में बुधवार को ग्राम विकास समिति के गठन को लेकर आयोजित ग्राम सभा में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के कारण ग्राम सभा में उपस्थित महिला व बच्चों में भगदड़ मच गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने जमकर लाठी डंडे का इस्तेमाल किया। स्थिति बिगड़ते देख ग्रामसभा के पर्यवेक्षक ने तत्काल इसकी सूचना निरसा बीडीओ मुकेश कुमार बाउरी को दी, जिसके बाद बीडीओ व निरसा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच स्थिति पर नियंत्रण पाया। इस घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हुए। घायलों को निरसा सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने रहमान अंसारी को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद भेज दिया। रूही बीबी ने निरसा थाना में छह लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई।
घटना स्थल पर पहुंच स्थिति पर नियंत्रण करती निरसा पुलिस ।
अध्यक्ष पद के दावेदारी को लेकर हुई झड़प
बुधवार को वैदपुर गांव में ग्राम विकास समिति के गठन को लेकर पर्यवेक्षक अशोक कुमार गुप्ता की उपस्थिति में उर्दू प्राथमिक विद्यालय परिसर में ग्राम सभा का आयोजन किया गया था, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए रेशमा बीबी व जुबेदा बीबी ने दावेदारी की। इसपर पर्यवेक्षक ने दोनों उम्मीदवारों को अपने समर्थकों को अलग- अलग बैठने को कहा। ग्रामीणों की गिनती शुरू होते ही दोनों पक्ष आपस में भीड़ गए तथा मारपीट होने लगी। मारपीट होते ही ग्रामीण महिलाएं व बच्चे गिरते पड़ते अपनी जान बचा भागने लगे।
पैसे कमाने के लिए प्रत्येक पंचायत में हो रहे हैं बवाल
ग्राम विकास व आदिवासी विकास समिति के गठन को लेकर सरकार द्वारा 30 अप्रैल तक सभी पंचायतों में इसके गठन का निर्देश दिया है, जिसमें पांच लाख रुपये तक के विकास कार्यों का चेक समिति द्वारा दिया जाएगा। परंतु ग्रामीण कमीशन के चक्कर में अध्यक्ष पद पर काबिज होने को लेकर एड़ी चोटी एक किये हुए हैं। जिस कारण प्रत्येक पंचायत में ग्राम व आदिवासी विकास समिति के गठन में मारपीट की घटना घटित हो रही है। वहीं एगारकुंड प्रखंड के वृंदावन पुर पंचायत में ग्राम विकास समिति के गठन के दौरान ग्रामीणों के कम संख्या को देख पर्यवेक्षक ने ग्राम सभा को स्थगित कर दिया।