पति पर हत्या की शिकायत आरोपी को भेजा गया जेल
निरसा थाना क्षेत्र की महताडीह कॉलोनी निवासी कोल-कर्मी उद्धव दास की 20 वर्षीय प|ी भाग्यलता दास की बुधवार की रात संदेहास्पद मौत को लेकर महिला के पिता नारायण नाहक ने निरसा थाने में पुत्री की हत्या की शिकायत दर्ज करवाई है। दर्ज शिकायत में मृतका के पति उद्धव दास पर दहेज़ की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। निरसा पुलिस आरोपी उद्धव दास को शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अपनी शिकायत में नारायण नाहक ने कहा कि उनकी पुत्री भाग्यलता की शादी 22 अप्रैल 2015 को हुई थी। शादी के समय हमलोगों ने क्षमता से अधिक दान दहेज दिया था। परंतु मेरा दामाद उद्धव दास और पैसे की मांग करने लगा। इसे लेकर वह बराबर मेरी पुत्री को प्रताड़ित करता रहता था। मेरी पुत्री ने कई बार फोन कर मुझे इसकी सूचना भी दी। परंतु हमलोग और पैसे देने में असमर्थ थे। दहेज के कारण मेरे दामाद ने गला दबाकर मेरी बेटी की हत्या कर दी है तथा उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। उद्धव दास चार वर्ष पूर्व अपनी मां की नौकरी के बदले अनुकंपा पर ईसीएल मुगमा क्षेत्र की हड़ियाजाम कोलियरी में जेनरल मजदूरी पर नियोजित हुआ।