निवाई अस्पताल के गेट पर वाहनों के जमावड़े से मरीजों के इलाज में देरी
बस स्टैंड पर स्थित राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय के मुख्य गेट पर दुपहिया वाहनों का जमावडा लगा रहने से अस्पताल में जाने के लिए मरीजों को परेशानी उठानी पड रही है। गेट के बाहर ही दोनों और मेडिकल की दुकानें लगी होने से दवा खरीदने वाले लोग अपने वाहनों को गेट के बाहर ही खडा कर देते है। अस्पताल परिसर में वाहनों के लिए सशुल्क पार्किंग की व्यवस्था है लेकिन अस्पताल में आने मरीजों के परिजन पार्किंग शुल्क बचाने के चक्कर में अपने दुपहिया वाहनों को अस्पताल के बाहर गेट पर ही खडा कर देते है। दुपहिया वाहनों का जमावडा अस्पताल के बाहर बने हुए सुलभ कॉम्पलेक्स के सामने भी लगा रहता है जिससे कोटा मार्ग पर जाने वाली बसों को वाहन चालकों को मजबूरन सडक पर ही बस को खडा करना पडता है जिससे रास्ता जाम हो जाता है। वाहनों का जमावडा लगा रहने से गंभीर मरीजों को लेकर आने वाले वाहनों को अस्पताल के अन्दर जाने में तकलीफ उठानी पडती है। अस्पताल प्रशासन मुख्य गेट पर लगे हुए वाहनों को हटाने की कोई व्यवस्था नहीं करता है। इधर बस स्टेण्ड पर यातायात पुलिस के जवान हमेशा तैनात रहते है इसके बावजूद गेट पर लोग अपने वाहन खडा कर देते है जिन्हें नहीं हटाया जाता है।