रीको क्षेत्र के गोदाम से चुराई मूंगफली की बोरियां
निवाई| गुरुवार की रात बनस्थली मोड स्थित रिको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक गोदाम से चोर शटर को तोड़कर मूंगफली की बोरियां चुराकर ले गए। मूंगफली की कीमत लगभग 1 लाख 50 रुपए है। व्यापारी शिखरचंद जैन ने बताया कि रिको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित निजी गोदाम का गुरुवार की रात चोरों ने शटर को तोडकर गौदाम में रखी बोरियों में से मूंगफली की करीब 85 बोरियां चुराकर ले गए। गोदाम में चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और जांच प्रारंभ कर दी।
गांव देवरी की महिलाओं ने सड़क व पेयजल के लिए सौंपा ज्ञापन
निवाई| गांव देवरी की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने गांव देवरी में मूलभूत सुविधाओं को लेकर पंचायत प्रसार अधिकारी गिरधारीलाल वर्मा को विधायक हीरालाल रैगर के नाम ज्ञापन सौपा । महिलाएं धोली देवी, सुमन, सुनिता, माना, सन्तरा, फोरन्ती, रूमाली, पायल, मोत्या, शान्ती, कजोड़ी एवं कमली सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि ग्राम पंचायत सीदड़ा के गांव देवरी में सडक़ एवं पानी सहित कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
जलापूर्ति का समय निर्धारित नहीं होने से लोग परेशान
पीपलू| कुरेडा में बीसलपुर पेयजल परियोजना के प्वाइंटों पर जलापूर्ति का समय निर्धारित नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें आवश्यकता के अनुसार पानी नहीं मिल रहा है। नलों में पानी कम आ रहा है। कुरेडा के लोकेश मीणा ने बताया कि इस पेयजल परियाेजना के प्वाइंट पर पानी छोड़ने का समय निर्धारित नहीं होने से लोग कई घंटे तक इंतजार करते रहते है। ग्रामीणों ने जलापूर्ति निर्धारित समय पर करवाने की मांग एसडीएम से की है।