बिजली के बिल नहीं मिलने से ग्रामीणों में रोष, अंतिम तिथि भी निकली
निवाई | विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही सेे गांव बहड़ में बिजली उपभोक्ताओं के पास बिल नहीं पहुंचे है जबकि गांव में एक जगह बिल बिखरे पड़े है। बिल जमा करवाने की अंतिम तिथि भी निकल चुकी है।
ग्राम पंचायत बहड़ में रहने वाले उपभोक्ता सोनू देगड़ा, इस्लाम, तुलसीराम, मौनू चौधरी, राजाराम माली ने बताया कि उनके मोबाइल पर बिल जमा कराने मैसेज आ गया है। लेकिन बिल की प्रति उनके पास नहीं पहुंची। बिल जमा करवाने की अंतिम तिथि 16 मई थी जो भी निकल चुकी है। पिछला बिल भी अंतिम तिथि से दो दिन पूर्व ही उपभोक्ताओं को मिले थे। इस पर उपभोक्ताओं ने विभाग के अधिकारियों के समक्ष विरोध जताया। इस पर बिलों को जमा करवाने की तिथि बढ़ाई गई। मोबाइल पर मिले मैसेज में बिलों की राशि ज्यादा आई है। लेकिन बिलों की प्रति नहीं मिलने के कारण उपभोक्ता आपत्ति भी दर्ज नहीं करवा पा रहे है।