समर्थन मूल्य पर चना व सरसों की खरीद पुन: प्रारंभ करने के लिए एसडीए हरिताभ आदित्य को भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष रमेश चौधरी के नेतृत्व में किसानों ने ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन में बताया कि समर्थन मूल्य पर चना व सरसों की खरीद बंद होने से किसानों में रोष व्याप्त है। किसान अपना माल किराए की ट्रॉलियों में भरकर लाते हैं। इससे उनको अतिरिक्त किराया देने से आर्थिक हानि हो रही है। विक्रय केंद्र पर खड़े किसानों के ट्रैक्टर का माल किसान स्वयं तोल कर लोडिंग करवाने के लिए तैयार है। प्रशासन को लिखित में देने के बावजूद भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है। प्रबंधक रामेश्वर चौधरी से कई बार किसान व्यक्तिगत मिलने के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। ज्ञापन में जिंस केंद्र को नजदीकी खरीद केंद्र सोहेला पर स्थानांतरित करने की मांग की गई है। उन्होंने मांग की है कि समस्या का शीघ्र समाधान करके किसानों का माल तुलवा कर उन्हें लाभान्वित करें।
मजबूरन करेंगे आंदोलन
अगर माल तुलवाने का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो किसान संघ मजबूर होकर आंदोलन करेगा। जिसके जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष राम गोपाल चौधरी, श्रीराम चौधरी, महामंत्री रमेश जाट एवं चंद्रभान सहित कई किसान मौजूद थे।