प्रकटोत्सव: स्वयंसेवकों ने सीखे देश सेवा के गुर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के माध्यम से खेतिया रोड स्थित नर्सरी प्रांगण में आयोजित सात दिनी प्राथमिक वर्ग शिविर का गुरुवार को समापन हो गया। इस प्राथमिक वर्ग में निवाली, सेंधवा व पानसेमल के 101 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। 7 दिन तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में योग व खेलकूद के माध्यम से स्वयंसेवकों को विभिन्न प्रतिभाओं का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्राथमिक शिविर के माध्यम से राष्ट्र की सेवा व राष्ट्र में सहभागिता के बारे में बताया।
शिविर के आखरी दिन 101 स्वयंसेवकों ने प्रगट उत्सव मनाते हुए अलग-अलग खंड बनाकर अपने हुनर व शिविर के दौरान सीखे हुए योग व कला का प्रदर्शन किया। प्रकट उत्सव कार्यक्रम में ग्राम की सैकड़ों की तादात में महिला व पुरुष शामिल हुए। प्रकट उत्सव कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू हुआ जो 7.30बजे तक चला। खेतिया रोड स्थित नर्सरी प्रांगण में चल रहे प्राथमिक वर्ग शिविर में जिले के विभिन्न ग्रामों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। साथ ही यही रहकर प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षु स्वयंसेवकों का दोनों टाइम का भोजन व स्वल्पाहार की व्यवस्था संघ के द्वारा शिविर में ही की गई थी। इसके लिए आसपास के ग्रामों से रोटी एकत्रित की गई। वही रोटियां स्वयंसेवकों को खिलाई गई। शिविर में प्रतिदिन योग, व्यायाम व शाखा का संचालन किया गया। साथ ही भारत माता का चित्र स्थापित किया गया। सुबह, शाम भारत माता की आरती गाई गई। शिविर में आए प्रशिक्षु स्वयंसेवकों ने बताया शिविर में हमने बहुत कुछ सीखा है। यहां जाति, वर्ग, धर्म, भेद से ऊपर उठकर राष्ट्र सेवा की भावना सिखाई गई। राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्य को समझा है। घर से दूर रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करना व संघ के वातावरण में रहना एक अलग अनुभव है।
खेतिया रोड स्थित नर्सरी प्रांगण में चल रहे सात दिनी प्राथमिक शिविर का हुआ समापन
प्रकट उत्सव में हुनर का प्रदर्शन करते स्वयंसेवक।