पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चेक पोस्ट पर खड़े मिनी ट्रक में स्पार्किंग से लगी आग, लोगों ने एक घंटे में बुझाई

चेक पोस्ट पर खड़े मिनी ट्रक में स्पार्किंग से लगी आग, लोगों ने एक घंटे में बुझाई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर के खेतिया रोड स्थित चेक पोस्ट पर खड़े एक मिनी ट्रक में स्पार्किंग होने से आग लग गई। इससे ट्रक 70 फीसदी जल गया। घटना बुधवार सुबह 9.15 बजे की है। वाहन क्रमांक एमपी 46 जी 1804 राजपुर से सहादा पपीता भरने जा रहा था। इस दौरान खेतिया रोड स्थित चेक पोस्ट पर वाहन के कागज दिखाने चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर उतरा। कुछ ही देर में मिनी ट्रक में आग लग गई। इसे बुझाने के लिए चेक पोस्ट कर्मचारियों सहित अन्य वाहन चालकों व स्थानीय लोगों ने चेक पोस्ट के पास लगे ट्यूबवेल को चालू करवा कर बालटियों व दूध के डिब्बों से पानी डाला। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक वाहन 70 फीसदी जल गया था।

वाहन चालक अब्दुल हफीज ने बताया मैं गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा करके कागज दिखाने चेक पोस्ट के ऑफिस पहुंचा। इस दौरान टोल कांटे पर बैठे कर्मचारियों ने आग का धुंआ देखकर सूचना दी। दरवाजा खुलते ही आग बड़ी लपटों में बदल गई। चालक ने स्पार्किंग से आग लगने का अंदेशा बताया है। चेक पोस्ट के पास लगे ट्यूबवेल के पाइपों से पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। दौरान लोगों ने भी बाल्टी व दूध के डिब्बों से आग पर पानी डाला। पुलिस बल व चेक पोस्ट के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने में मदद की।

इस तरह के बाल्टी व दूध के डिब्बों से लोगों ने आग बुझाई।

42 ग्राम पंचायतों के लिए नहीं एक भी फायर फाइटर

चेक पोस्ट के कर्मचारी अनुराग सिंह भदोरिया, कालू राठौड़, राधेश्याम धनगर, राजू प्रजापत व करीब 40 से ज्यादा लोगों ने वाहन में लगी आग बुझाने में सहयोग किया। राधेश्याम ने बताया निवाली की 14 हजार आबादी है। साथ ही इससे जुड़ी 42 ग्राम पंचायतें हैं। लेकिन यहां एक भी फायर फाइटर नहीं है। इससे आगजनी के समय आग पर काबू पाने में मुश्किल होती है। आगजनी की घटना से काफी नुकसान हो जाता है। लोगों ने कई बार फायर फाइटर की मांग भी की है। लेकिन ग्राम पंचायत होने से यहां अभी तक फायर फाइटर की सुविधा नहीं दी गई है।

दो दिन में आगजनी की यह दूसरी घटना

नगर में आगजनी की दो दिन में यह दूसरी घटना है। इससे पहले मंगलवार को खेतिया रोड स्थित कन्या क्रीड़ा परिसर में अधीक्षिका के रूम में भी अचानक आग लग गई थी। इसमें रूम में रखा सारा सामान जल गया था। इसके बाद बुधवार सुबह चेक पोस्ट पर खड़े वाहन में आग लगने के साथ दो दिन में आगजनी की यह दूसरी घटना हो गई है। लेकिन निवाली ग्राम पंचायत होने के कारण यहां पर फायर ब्रिगेड व आग बुझाने के लिए कोई संसाधन नहीं हैं।

20 दिन में क्षेत्र में 6 बार हुई आगजनी, सभी जगह नुकसान

पिछले 20 दिन में 6 से ज्यादा स्थानों पर आगजनी की घटना हो चुकी है। सभी जगह नुकसान हुआ है। यदि यहां फायर फाइटर की सुविधा होती तो शायद घटनाओं में इतना नुकसान नहीं हो पाता। लेकिन अभी क्षेत्र में कहीं भी आगजनी होती है। तो स्थानीय लोग ही मौजूद संसाधन से आग पर काबू पाने की कोशिश करते हैं। लेकिन तब तक सब कुछ जल जाता है। लोगों ने निवाली में फायर फाइटर की मांग की है। ताकि आगजनी होने पर इसे तुरंत काबू किया जा सके।

फायर फाइटर नहीं होने से लगी देर

सूचना मिलते ही 108 व पुलिस जवान मौके पर पहुंच गए थे। सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन फायर फाइटर नहीं होने से आग बुझाने में देरी हुई। एमएस डाबर, थाना प्रभारी निवाली।

सभी कर्मचारियों ने बुझाई आग

वाहन में लगी आग को कर्मचारियों की मदद से काबू पाया गया। आग काफी बढ़ चुकी थी। वाहन को बचाने में कोई कमी नहीं की। लेकिन पानी के प्रेशन की कमी से देर में आग बुझा पाए। रोहन व्यास, चेक पोस्ट मैनेजर निवाली।

खबरें और भी हैं...