एसबीआइ की चार शाखाओं के प्रबंधकों से मांगा स्पष्टीकरण
बैंकर्स मीटिंग में अनुपस्थित एसबीआइ के चार शाखा प्रबंधकों को स्पष्टीकरण भेजा जाएगा। इनमें नोवामुंडी, बड़ाजामदा, गुवा व किरीबुरू स्टेट बैंक शाखा प्रबंधक का नाम शामिल है। बुधवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में बैंकर्स मीटिंग बुलाई गई थी। इसमें चारों शाखा प्रबंधकों के अनुपस्थित रहने पर प्रखंड महिला प्रसार पदाधिकारी निम्मी होरो ने बीडीओ समरेश प्रसाद भंडारी को इन चारों को स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है। पूर्व निर्धारित तिथि के आधार पर बुधवार को प्रखंड सभागार में बैंकर्स की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में बैंक से संबंधित कार्य को लिंकेज करने से लेकर केसीसी फॉर्म आदि को लेकर चर्चा की गई। बैठक में एलडीएम फुदान मुर्मू, नोवामुंडी ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक शिवभरत राम, बीडीओ समरेश प्रसाद भंडारी, बड़ाजामदा बैंक ऑ़फ बड़ौदा शाखा प्रबंधक सनी चंद्रा, प्रखंड प्रबंधक मोनिका लेहंगी, गुआ बैंक ऑ़फ इंडिया शाखा प्रबंधक, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सुमन कुमार सिंह व प्रखंड महिला प्रसार पदाधिकारी निम्मी होरो आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।