रेलवे ब्रिज निर्माण: मुआवजा मिलने का रास्ता साफ
नोवामुंडी। उपायुक्त द्वारा बीते दिन जिलास्तरीय बैठक में विभागीय अधिकारियों को नोवामुंडी रेल ओवर ब्रिज निर्माण में आ रही बाधा को यथा शीघ्र दूर करने का निर्देश दिए जाने के बाद रेलवे ब्रिज निर्माण की जद में आ रहे रैयतों व लीजधारकों के भूमि अधिग्रहण के बाद मुआवजा मिलने का रास्ता साफ हो गया है। जानकारी हो कि नोवामुंडी के प्रभावित तीन लीज धारकों एवं 9 रैयतों के भूमि अधिग्रहण और मुआवजा का भुगतान नहीं होने के कारण अब तक प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य बाधित है। इसके लिए लीजधारकों के लीज रद्द करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। लीज धारकों में गोवर्धन साहू, संजय राहा, पूनमचंद व रैयतों में मुख्य रूप से प्लॉट नंबर 579 के पंकज हेस्सा, मुकेश डोको, रोईबारी, मरियम पूर्ति, सुखमति केराई आदि शामिल हैं।