- Hindi News
- National
- बेटे की शादी का कर्ज चुकाने के लिए जमीन गिरवी रखने से रोका तो अधेड़ ने छोटे भाई के सिर में मारी गोली
बेटे की शादी का कर्ज चुकाने के लिए जमीन गिरवी रखने से रोका तो अधेड़ ने छोटे भाई के सिर में मारी गोली
बेगूं (चित्तौड़गढ़) | बेटे की शादी का कर्ज चुकाने के लिए सामलाती जमीन को गिरवी रखने से रोकना एक अधेड़ को इतना नागवार गुजरा कि उसने रात को गहरी नींद में सो रहे अपने छोटे भाई के सिर में दो गोलियां मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। क्षेत्र के स्वरूपजी की खेड़ी में सोमवार रात यह घटना हुई। सुबह जब छोटा भाई देर तक नहीं जगा तो दूसरा भाई उसे जगाने पहुंचा, जिसे खून से लथपथ शव मिला। बाद में इन चार भाइयों में से एक ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस प्रकरण दर्ज कर जांच की है। बेगूं थानांतर्गत रायता ग्राम पंचायत के स्वरूपजी की खेड़ी निवासी 42 वर्षीय नारायणसिंह पुत्र मनोहर सिंह सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद मकान के एक हिस्से में लगी बंद आटाचक्की के बाहर खाट लगाकर सो गया। सुबह समय पर नहीं उठा तो दूसरा भाई गोपालसिंह जगाने गया। खाट सहित नारायणसिंह का शरीर खून से लथपथ था।