पांच माह पहले पंचायत में शुरू हुआ गौरव पथ का निर्माण अब भी पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीण इसे ठेकेदार और अधिकारियों की लापरवाही मान रहे हैं। राज्य सरकार इस पर 65 लाख रुपए इसके लिए खर्च कर रही है लेकिन काम अधरझूल में है। हैरानी यह है कि सड़क बनाकर उस पर मिट्टी डाल दी गई है जो साइडों में नालियां ही नहीं बनाई गई। इस संबंध में थालड़का युवा मंच ने पीडब्लूडी व विधायक अभिषेक मटोरिया को ज्ञापन भेजा है। बताया गया है कि 5 माह पूर्व क्षेत्रीय विधायक अभिषेक मटोरिया ने मुख्य बस स्टैंड से गांव की ओर गौरव पथ के निर्माण कार्य की शुरुआत की थी लेकिन निर्माण कार्य को बीच में ही छोड़ दिया गया है। ठेकेदार द्वारा बीच में सड़क तो बना दी पर गौरव पथ पर डाली गई मिट्टी नहीं हटाई गई।
गौरव पथ के दोनों ओर नालियों को निर्माण नहीं किया गया है। इसके कारण गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है जिसके 24 घंटे गंदा पानी सड़ांध मार रहा है तथा बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। दुकानदार हरिराम राजोरा, देवेंद्र गौड़, सुनील मेहरा, मनुप्रताप खुड़ीवाल साहबराम, नेहरा, राजेश स्वामी, रामपाल वर्मा, पेमाराम वर्मा, रामलाल शर्मा, कालू वर्मा आदि ने बताया कि अनेक बार नाली निर्माण को लेकर विभागीय अधिकारियों को भी अवगत करवाया परंतु इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। पीडब्लूडी नोहर जेईएन जोरासिंह ने बताया कि गौरव पथ की नालियों का काम बाकी है। नालियों का निर्माण कार्य में देरी हो रही है। इस संबंध में ठेकेदार से बात करेंगे। विकास अधिकारी नोहर गोपीराम से बात की गई तो उनका जवाब आया कि ये गौरवपथ पीडब्लूडी विभाग के देखरेख में आता है।