- Hindi News
- National
- कच्ची गलियों में इंटरलॉक सड़कें, पानी निकासी को पक्की नालियां बनवा बदल दी गांव की सूरत, मिला राज्यस्तरीय स्वच्छता पुरस्कार
कच्ची गलियों में इंटरलॉक सड़कें, पानी निकासी को पक्की नालियां बनवा बदल दी गांव की सूरत, मिला राज्यस्तरीय स्वच्छता पुरस्कार
भास्कर संवाददाता|हनुमानगढ़/चारणवासी
नोहर तहसील के गांव रतनपुरा की सरपंच लक्ष्मी देवी ने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन के तहत पंच वर्षीय योजना के साढ़े तीन साल में ही गांव में स्वच्छता से जुड़े ऐसे काम करवाए जिनकी ग्रामीण तो सराहना करते ही हैं वहीं उन्हें इन्हीं कामों की बदौलत राज्य स्तरीय पुरस्कार भी मिला। गांव में पानी निकासी की समस्या हो या फिर कच्ची गलियों की। हर समस्या को सुधारा गया। गांव में आज पक्की नालियां है और पक्की सड़कें हैं। इसी का नतीजा है कि रतनपुरा पंचायत की सूरत बदली है वहीं दूसरी पंचायतें भी इससे प्रेरणा ले रही हैं। यही नहीं इससे पहले वर्मा को विधायक अभिषेक मटोरिया व कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 70 लोगों को छत दिलवाने के लिए पुरस्कृत किया है। सरपंच लक्ष्मी देवी ने बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार मिलना मेरे लिए ही नहीं पूरे गांव की उपलब्धि है। गांव के लोग जब खुद जागरुक होंगे तो गांव का विकास होगा। स्वच्छता की बात हो या कोई और। नियमों का एकजुटता से सही तरीके से पालन करेंगे तो गांव खुद-ब-खुद आगे बढ़ेगा।
पंचायत इस तरह के काम भविष्य में भी जारी रखेगी। इसमें मुख्य रूप से गंदे निकासी पानी की समस्या को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रयास करेगी। साथ ही विधायक मंद से राशि स्वीकृत करवाकर प्राचीन कुओं का जीर्णोद्धार करवाएगी।
छाेटे से गांव की बड़ी उपलब्धि
पंचायतीराज व कृषि मंत्री ने सौंपा राज्य स्तरीय पुरस्कार
नोहर तहसील की ग्राम पंचायत रतनपुरा की सरपंच लक्ष्मी देवी वर्मा को ग्रामीण एवंं पंचायतीराज विभाग ने बुधवार को जयपुर में आयोजित ग्राम स्वराज अभियान के तहत स्वच्छ भारत पर्व समारोह में ग्रामीण एव पंचायतीराज मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़, कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रभुलाल सैनी व स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण निदेशक डॉ. आरूसी मलिक ने पुरस्कार प्रदान किया।
रतनपुरा सरपंच को मिला जयपुर में राज्य स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार, दूसरी पंचायतें ले रही प्रेरणा
इन 6 मुख्य कामों से बदली पंचायत की तस्वीर
• कीचड़ से लबालब 26 गलियों में इंटरलॉक सड़क निर्माण।
• गंदे पानी की निकासी के लिए पूरे गांव में पक्की नालियां।
• सालों से कचरा पड़ा रहने वाली जगह पर 14 लाख से पार्क का निर्माण।
• बरसाती पानी की निकासी के लिए बॉरवैल लगवाए।
• गांव में 1300 मीटर सीसी सड़कें बनवाईं।
• बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं के लिए ग्राम पंचायत में मुहिम चलाई ।