- Hindi News
- National
- आबकारी टीम पर हमला, माफिया ने रोकने को पशुचारे में आग लगाई, फिर फायर किए
आबकारी टीम पर हमला, माफिया ने रोकने को पशुचारे में आग लगाई, फिर फायर किए
हनुमानगढ़|गांव श्रीनगर-मक्कासर के बीच सोमवार शाम को घग्घर बहाव क्षेत्र में हथकढ़ शराब के कुख्यात ठिकाने देबूघाट पर कार्रवाई करने गए आबकारी दल पर दबंगों ने हमला कर दिया। हवाई फायर के साथ पथराव के बीच आबकारी दल को जान बचाकर भागना पड़ा। हमलावरों ने पथराव कर सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। हमले में आबकारी जाब्ते में शामिल पांच-छह जवानों को मामूली चोटें आई हैं। आबकारी पुलिस को सरकार ने एसएलआर, थ्री नॉट थ्री और पिस्टल जैसे हथियार उपलब्ध कराए हैं इसके बाद भी आबकारी दल महज डंडे लेकर कार्रवाई करने पहुंच गया। हालांकि आबकारी प्रहराधिकारी का कहना है कि हमला इस तरीके से हुआ कि हथियार चलाने का मौका ही नहीं मिला। इससे पहले आबकारी दल ने लाहन(कच्ची शराब) नष्ट कर रबड़ ट्यूब में भरी हथकढ़ शराब सहित अन्य उपकरण जब्त कर लिए थे। मुखबिर से सूचना मिली कि देबू घाट पर घग्घर बहाव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हथकढ़ शराब तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर डीईओ सहदेव रतनू ने हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी मांगीलाल बिश्नोई के नेतृत्व में नोहर आबकारी सीआई दरिया सिंह, संगरिया सीआई आनंद गोदारा को दल-बल के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए। दोपहर बाद करीब तीन बजे टीम ने ठिकाने पर दबिश दी तो मौके पर अवैध शराब की 12 भटि्टयां मिली जिसे मौके पर नष्ट कर दिया।