हनुमानगढ़| टाउन स्थित रोमाणा कालोनी व सब्जी मंडी में आवारा घूम रहे गोवंश को पकड़ने, कालोनी में आवश्यकतानुसार डस्टबिन रखवाने व क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण करवाने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने नगरपरिषद के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल राजेंद्रसिंह रोमाणा ने बताया कि आवारा पशुओं की भरमार के कारण आमजन को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते कई लोग घायल भी हो चुके हैं। कॉलोनी में कोई डस्टबिन नहीं होने के कारण लोगों को घरों व प्रतिष्ठानों का कचरा खुले में फेंकना पड़ रहा है। इसके अलावा एक सड़क की हालत भी बेहद खस्ता है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों ने तीन दिन के भीतर समस्याओं के समाधान की मांग की। ऐसा नहीं होने पर अनशन पर बैठने की चेतावनी दी गई। इस मौके पर संदीप, कश्मीरा सिंह, राजेंद्र सिंह, सविता, मनोहर सिंह आदि मौजूद थे।