12 से ज्यादा गांवों के लोग परेशान, रोडवेज शुरू करने की मांग
भास्कर संवाददाता| थालड़का
थालड़का से हनुमानगढ़ वाया मसीतांवाली हेड मार्ग पर निजी बसों का संचालन बंद होने से क्षेत्र के एक दर्जन गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूटा हुआ है, जिस कारण क्षेत्र के भुरानपुरा, चाहूंवाली, रामपुरा, कहरवाला आदि के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 2 वर्ष पूर्व तक इस मार्ग पर नियमित रूप से निजी बसों का संचालन किया जाता था लेकिन बाद में इन बसों का संचालन बंद कर दिया गया। ऐसे में यात्रियों को ऑटो व निजी वाहनों का सहारा लेकर सफर तय करना पड़ता है। क्षेत्र के विद्यार्थी थालड़का, टिब्बी, हनुमानगढ़ व नोहर के स्कूल व कॉलेजों में अध्ययनरत है, जिस कारण जान जोखिम में डालकर टेंपो में बैठकर अपनी यात्रा तय करनी पड़ती है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण हरिराम राजोरा, राजेंद्र कारगवाल, पवन गुरिया, रामपाल वर्मा, शिशपाल टाक, नोरंगलाल छापोला आदि ने थालड़का युवा मंच के साथ परिवहन मंत्री को पत्र प्रेषित कर इस मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग की है ताकि क्षेत्र के लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके। इससे पहले भी परिवहन मंत्री को पत्र प्रेषित किया था। लेकिन आजतक कोई गौर नहीं किया गया।