दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज
भास्कर संवाददाता|नोहर
फर्जी अधिकारी बनकर रुपए ठगने के अलावा शिकायत करने वाले गवाहों को झूठे मामले मे फंसाने के आरोप में नोहर पुलिस ने दो जनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। दोनों आरोपी हरियाणा के निवासी हैं। इस संबंध में नोहर के वार्ड दो के शराज खान की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। दर्ज रिपोर्ट में शराज खान ने बताया है कि वह पशुओं के क्रय विक्रय का कार्य करता है। इसी के चलते कुछ समय पहले कुछ जनों ने अपनी गाड़ी पर लाल-नीली बत्ती लगाकर उसके वाहन चालकों को अधिकारी होने का भय दिखाकर उनसे रुपए ऐंठ लिए। इस संबंध में उन्होंने इसकी शिकायत करते हुए हरियाणा के हांसी थाने में इनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया था। जिसके बाद से पिछले कई महिनों से इस गिरोह के सदस्य हिमांशु एवं विपिन निवासी राधो लूहारी तहसील हांसी हरियाणा लगातार उसे व उसके साथियों को डरा धमकाकर बयान बदलने के लिए दबाव डाल रहे हैं। इसके अलावा आरोपी इन गवाहों को झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दे रहे हैं।